सिद्धार्थनगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को हेडगवार नगर, बस्ती में विजयदशमी उत्सव एवं विराट पथ संचलन का भव्य आयोजन किया गया। पथ संचलन में सांसद जगदम्बिका पाल ने भी सहभागिता किया। संघ का यह संचलन उस साधना का प्रत्यक्ष रूप है, जिसमें सेवा ही धर्म और राष्ट्र ही परम आराध्य है।
विजयदशमी उत्सव का शुभारंभ मंगलाचरण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में संघ के स्वयंसेवकों ने गणवेश में अनुशासन, एकता और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत प्रदर्शन किया। विराट पथ संचलन में बड़ी संख्या में स्वयंसेवक शामिल हुए, जिनका नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सिद्धार्थनगर के विभाग कारवां शिव मूर्ति जी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने राष्ट्र निर्माण, सेवा और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में अद्वितीय कार्य किया है। आज संघ का प्रत्येक स्वयंसेवक भारत माता के गौरव, एकता और अखंडता के लिए समर्पित है। कार्यक्रम में अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठन, शिक्षाविद् एवं व्यापारी वर्ग के लोग उपस्थित रहे।





