UP Weather: सीजन में सबसे ऊपर पहुंचा हीट इंडेक्स, आखिर कब होगी बारिश? उमस भरी गर्मी ने किया बेहाल

0
271

कानपुर में दिन का अधिकतम तापमान गुरुवार के 38.4 से बढ़कर 39.2 डिग्री पर पहुंचा और आर्द्रता भी 60 से बढ़कर 68 प्रतिशत हो गई। मौसम के इस बेमेल ने लोगों को 50 डिग्री की गर्मी महसूस कराई। मौसम विज्ञानियों के अनुसार शनिवार से उमस वाली गर्मी के साथ ही दिन का तापमान भी और बढ़ने के आसार हैं ।

कानपुर। शुक्रवार को शहर के तापमान में हल्की वृद्धि के बावजूद बेहाल कर देने वाली गर्मी बनी रही। दिन का अधिकतम तापमान गुरुवार के 38.4 से बढ़कर 39.2 डिग्री पर पहुंचा और आर्द्रता भी 60 से बढ़कर 68 प्रतिशत हो गई। मौसम के इस बेमेल ने लोगों को 50 डिग्री की गर्मी महसूस कराई। मौसम विज्ञानियों के अनुसार शनिवार से उमस वाली गर्मी के साथ ही दिन का तापमान भी और बढ़ने के आसार हैं।

शुक्रवार को न्यूनतम तापमान भी 28.4 डिग्री दर्ज हुआ है जो सामान्य से 2.2 डिग्री ज्यादा रहा है। शहर में शुक्रवार को बेहाल करने वाली गर्मी की वजह चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के हीट इंडेक्स यानी गर्मी सूचकांक से स्पष्ट हुई। दिन में अधिकतम तापमान और आर्द्रता की वजह से हीट इंडेक्स 50 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

कब होगी बारिश? 

विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को दिन के तापमान और आर्द्रता के ऊंचे स्तर की वजह से ऐसी हालत हुई है। आर्द्रता का स्तर जब तक 90 प्रतिशत से ऊपर नहीं जाएगा तब तक वर्षा नहीं होगी। ऐसे में अधिकतम तापमान और आर्द्रता का प्रतिशत जानलेवा बन रहा है। रविवार को भी हीट इंडेक्स बढ़ने की संभावना है।

यह 54-56 डिग्री तक पहुंच सकता है इसलिए लोगों को धूप में निकलने से बचने की जरूरत है। 25 मई की शाम तक हवा की दिशा बदलकर पश्चिमी हो जाने की उम्मीद है इससे रविवार को तापमान बढ़ जाएगा। अप्रैल महीने में शहर का हीट इंडेक्स 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा है और 12 मई तक 40-50 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा है।

उन्होंने बताया कि गर्मी सूचकांक को वास्तविक तापमान और आर्द्रता के स्तर के तुलनात्मक अध्ययन माडल से तय किया जाता है। यह वह सूचकांक है जो यह बताता है कि वास्तविक तापमान के बजाय मानव शरीर और जीव-जंतुओं को प्रभावित करने वाली गर्मी का स्तर क्या रहा है। नमी बढ़ने पर गर्मी का स्तर बढ़ जाता है।

Also read

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here