प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद ने किया लोकार्पण; बुंदेलखंड के प्रेरणास्रोत को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
हमीरपुर। मुख्यालय स्थित जिला पंचायत परिषद परिसर में शनिवार को त्यागमूर्ति स्वामी ब्रह्मानंद जी की भव्य प्रतिमा का अनावरण विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। जनपद के प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद ने करीब 6 फीट ऊंची प्रतिमा का लोकार्पण कर माल्यार्पण किया। इस दौरान पूरा परिसर ‘स्वामी जी अमर रहें’ के नारों से गुंजायमान रहा।
शिक्षा और समाज सेवा के प्रतीक थे स्वामी जी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद ने कहा कि स्वामी ब्रह्मानंद जी बुंदेलखंड के सर्व समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज सेवा और शिक्षा की अलख जगाने में समर्पित कर दिया। मंत्री ने जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा प्रतिमा स्थापित कराने के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि इससे आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरणा मिलती रहेगी।
जनप्रतिनिधियों ने अर्पित की पुष्पांजलि
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राठ विधायक मनीषा अनुरागी और सदर विधायक मनोज प्रजापति मौजूद रहे। जिला पंचायत सदस्य दुष्यंत सिंह परिहार ने स्वामी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी जी द्वारा स्थापित शिक्षण संस्थानों से निकलकर आज क्षेत्र के बच्चे देश-विदेश में नाम रोशन कर रहे हैं। मुख्यालय में इस प्रतिमा की स्थापना का मुख्य उद्देश्य लोगों को उनके त्याग और आदर्शों की याद दिलाते रहना है।
ये रहे मौजूद
इस गरिमामयी अवसर पर कुरारा ब्लॉक प्रमुख आशीष पालीवाल, नगर पालिका अध्यक्ष कुलदीप निषाद, एम.ए. उज्जवल अमरेश, मौदहा बांध के अधिशासी अभियंता इंजीनियर दिनेश कुमार, लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता संतोष कुमार अग्रवाल सहित भारी संख्या में समाजसेवी, जनप्रतिनिधि और आमजन मौजूद रहे। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल मुस्तैद रहा।





