प्रमुख बाजारों, स्कूलों, कॉलेजों व धार्मिक स्थलों पर एंटी रोमियो टीम ने चलाया विशेष अभियान
फतेहपुर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन के उद्देश्य से संचालित “मिशन शक्ति फेज–5.0” अभियान के तहत जनपद में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों पर गठित मिशन शक्ति टीम एवं एण्टी रोमियो टीम द्वारा यह अभियान चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूलों, कॉलेजों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं व बालिकाओं को शासन एवं पुलिस विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इसमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, आयुष्मान भारत योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना सहित अन्य योजनाएं शामिल रहीं।
टीम द्वारा महिलाओं को सहायता के लिए उपलब्ध विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी गई, जिनमें वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, सीएम हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन 102, एम्बुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 प्रमुख रूप से शामिल हैं। इस दौरान मोबाइल पर पैनिक बटन/इमरजेंसी कॉल का लाइव डेमो भी दिखाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न या साइबर अपराध की स्थिति में बिना झिझक संबंधित हेल्पलाइन पर संपर्क करें। साथ ही स्वयं को सशक्त बनाते हुए कानून के प्रति जागरूक रहें। अभियान के दौरान एण्टी रोमियो टीम द्वारा पंपलेट वितरित कर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।





