शादी का झांसा देकर सिपाही ने महिला के साथ किया शोषण, वीडियो वायरल करने की दी धमकी
एक महिला ने आरोप लगाया है कि यूपी पुलिस में तैनात एक सिपाही ने उसे शादी का भरोसा देकर करीब डेढ़ साल तक उसका यौन शोषण किया। महिला का कहना है कि यह सब होटल, घर और अन्य जगहों पर हुआ। जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसके अश्लील वीडियो और फोटो सार्वजनिक करने की धमकी दी।
महिला की शिकायत के मुताबिक, जब उसने थाने में गुहार लगाई तो वहां सुनवाई नहीं हुई, जिसके बाद वह 16 जून को एसपी कार्यालय पहुंची। पीड़िता ने चेतावनी दी है कि अगर न्याय नहीं मिला तो वह अपने बच्चों सहित थाने में आत्महत्या कर लेगी।
पहले बना नज़दीकी, फिर किया ब्लैकमेल
छपरौली थाना क्षेत्र की निवासी महिला ने बताया कि उसका रिश्ता ससुराल के एक युवक से है, जो फिलहाल यूपी पुलिस में सिपाही है। शुरुआत में फोन पर बातों से शुरू हुआ रिश्ता धीरे-धीरे गहराता चला गया। सिपाही ने महिला से कहा कि अगर वह अपने पति को छोड़ दे, तो वह उससे विवाह करेगा। इसी के चलते महिला का अपने पति से विवाद हुआ और वह ससुराल छोड़ आई।
आरोप के अनुसार, सिपाही ने महिला को होटल, अपने घर और अन्य जगहों पर बुलाकर करीब 20 बार शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान अश्लील वीडियो व तस्वीरें भी बना लीं। बाद में उसने बातचीत बंद कर दी और धमकियां देने लगा।
एसपी ने दी जानकारी
इस मामले पर एसपी सूरज कुमार राय का कहना है कि पीड़िता ने पहले ही शामली में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवा रखा है। आरोपी फिलहाल सहारनपुर में तैनात है। एक ही मामले में दो अलग-अलग एफआईआर नहीं दर्ज की जा सकतीं। साथ ही, सिपाही के परिजनों ने महिला पर पैसे मांगने के आरोप लगाए हैं, जिसकी भी जांच हो रही है।





