डीएम की अध्यक्षता में संस्कृति उत्सव मनाए जाने के सम्बंध में बैठक
इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में संस्कृति उत्सव मनाए जाने सम्बन्धी बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।उन्होंने संस्कृतिक पर्यटन अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्यक्रम सभी ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर 10 जनवरी,2026 से 15 जनवरी,2026 तक कराए जाएं। उन्होंने कहा कि जनपद स्तर पर 12 जनवरी एवं 13 जनवरी,2026 को कार्यक्रम कराया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले प्रतिभागियों की न्यूनतम एवं अधिकतम आयु सीमा आयु वर्ग के अनुसार होगी, जैसे किशोर वर्ग 14 वर्ष से 20 वर्ष तक एवं युवा वर्ग 21 वर्ष से 25 वर्ष तक। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में सम्मिलित होने वाले सभी कलाकार दल के सदस्य दलनायक के माध्यम से निर्धारित प्रपत्र पर ऑफलाइन आवेदन प्रतियोगिता स्थल पर प्राप्त किया जा सकेगा एवं आवेदन का प्रारूप विभाग के वेबसाइट https://upculture.up.nic.in पर उपलब्ध होगा।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में सम्मिलित होने के लिए कोई शुल्क देय नहीं हैं साथ ही उन्होंने कहा कि प्रतियोगियों को प्रतियोगिता स्थल तक स्वयं अपने साधन से आना-जाना होगा।उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में प्रथम,द्वितीय तथा तृतीय पुरस्कार दिए जायेंगे एवं सभी विजयी प्रतियोगियों को प्रमाण-पत्र भी दिए जाएंगे।उन्होंने कहा कि सभी कलाकारों को संगत कलाकार व वादय यंत्रों की व्यवस्था स्वयं करनी होगी।
उन्होंने कहा कि देशभक्ति गीत, लोकगीत,लोकनृत्य,जनजातीय नृत्य, काव्य संगोष्ठी एवं लोकवाद्य में केवल समूह प्रस्तुतियां होंगी,अन्य सभी विधाओं में सिर्फ एकल प्रस्तुतियां होंगी।उक्त अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह,सांस्कृतिक पर्यटन अधिकारी मोहित सिंह,जिला सूचना अधिकारी नीलम यादव,ए0डी0पी0आर0ओ0 रोहित कुमार उपस्थित रहे।





