अन्य प्रदेशों के अनुसार लाभांश बढ़ाए जाने की उठाई मांग, कोटेदारों ने चेतावनी दी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया तो 28 जनवरी को अनिश्चितकालीन धरना कर विधानसभा का किया जायगा घेराव
महोबा। आल इंडियन फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के नेतृत्व में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में कोटेदारों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला पूर्ति अधिकारी को सौंपकर अन्य प्रदेशों के अनुसार लाभांश बढ़ाए जाने सहित अन्य मांग उठाई साथ ही चेतावनी दी यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता तो 28 जनवरी को अनिश्चितकालीन धरना कर विधानसभा का घेराव किया जाएगा।
जिला पूर्ति अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में कोटेदारों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के कोटेदार सरकार के निर्देशों का पालन करते हुए ईमानदारी से उपभोक्ताओं को राशन वितरण कर रहे हैं, जिसमें कोरोना काल में प्रधानमंत्री अन्न योजना और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत निःशुल्क वितरण भी शामिल है। इसके बावजूद उन्हें केवल 90 रुपये प्रति क्विंटल लाभांश मिलता है। कहा किक अन्य राज्यों जैसे हरियाणा, केरल और दिल्ली में 200 रुपये, गोवा में 220 रुपये लाभांश दिया जाता है, जबकि गुजरात में न्यूनतम आय गारंटी का प्रावधान है, लेकिन उत्तर प्रदेश के कोटेदारों का शोषण किया जा रहा है।
कोटेदार संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजा भइया द्विवेदी ने जानकारी दी कि संगठन के निर्देश पर सभी कोटेदारों ने जिला पूर्ति विभाग में अपनी ई-पॉश मशीनें जमा कर वितरण कार्य रोक दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक उच्च नेतृत्व से अगले आदेश नहीं आते, तब तक कोई वितरण नहीं किया जाएगा। ज्ञापन में राज्य सरकार से अन्य राज्यों के समान लाभांश और न्यूनतम आय गारंटी देने का आग्रह किया गया है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो 28 जनवरी 2026 से अनिश्चितकालीन धरना और विधानसभा घेराव किया जाएगा। उन्होंने परिवारों के भरण पोषण और महंगाई को देखते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। महोबा जिले के कोटेदारों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में ऑल इंडियन फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के बैनर तले प्रदर्शन किया। ज्ञापन देने वालों में महेंद्र कुमार, कांति पुरवार, राजेश, जितेंद्र चौरसिया, रामदेवी, संतोष कुमार, विजय, लक्ष्मी सहित कई अन्य कोटेदार शामिल हैं।





