मधुमक्खियों के हमले से सड़क पर मच गई भगदड़
महोबा। शादी समारोह निपटने के बाद मंगलवार को सुबह विदाई कार्यक्रम दौरान तेज आवाज से बज रहे डीजे की धमक से सड़क किनारे पेड़ पर मधुमक्खियां उड़कर निकल आई और विदाई दौरान डोली के साथ चले वर पक्ष की महिला और पुरुषों पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले से वर पक्ष के अलावा कई राहगीर भी बुरी तरह घायल हो गए। मधुमक्खियों के हमले से सड़क पर भगदड़ मच गई।
मालूम हो कि मुहल्ला नवादा निवासी एक दलित समाज के बेटे की शादी स्थायीन गुलाब बाग पैलेस से हुई थी और सोमवार की रात रीति रिवाज के साथ शादी सम्पन्न होने के बाद मंगलवार को डीजे, डोली, घोड़ी के साथ विदाई हुई। सुबह करीब 11 बजे जैसे ही वर पक्ष की महिलाएं, पुरूष, बच्चे डीजे के साथ नाचते झूमते विदा कराकर लौट रहे थे तभी गोवर्धन्नाथ मंदिर के पास लगे बरगद के पेड़ से अचानक मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया और देखते ही देखते भगदड़ मच गई। वर पक्ष के साथ ही अन्य राहगीर भी चपेट में आ गए।
लोग अदालत की तरफ बचाव के लिए भागे तो मधुमयियों ने पीछा करते हमला जारी रखा। जहां अदालत के सामने बैठे अधिवक्ताओं और वादकारियों मे भगदड़ मच गयी, जिससे वादीकारी भी हमले की चपेट में आए। डोली में बैठी दुल्हन के चिल्लाने पर आनन फानन में डोली से निकालकर कार में बैठाकर किसी तरह से दुल्हन को बचाया जा सका। मधुमक्खियों के हमले की चर्चा कस्बा भर में फैल गयी। एक सप्ताह पूर्व राजस्थान के खाटूश्याम दर्शन के लिए निकले श्रद्धालुओं के जत्था पर भी जोरदार हमला मधुमक्खियों ने कर दिया था, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।





