सिद्धार्थनगर। जिला मुख्यालय पर रविवार को श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब श्याम मित्र मंडल के तत्वावधान में बाबा श्री खाटू श्याम की भव्य निशान यात्रा निकाली गई। सुबह से ही श्रद्धालुओं का हुजूम शहर के हनुमानगढ़ी परिसर में जुटने लगा था। जैसे ही निशान यात्रा प्रारंभ हुई, “हारे का सहारा, बाबा खाटू श्याम हमारा” के जयघोष से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा।
श्याम मित्र मंडल के अध्यक्ष सचिन रुंगटा, उपाध्यक्ष दीपू गोयल, कोषाध्यक्ष बिल्लू बंका के अलावा विक्की अग्रवाल, निशांत गुप्ता, ऋषभ टिबड़ेवाल, गितेश संगनीरिया, मुकेश रुगंटा, ऋषभ अग्रवाल के देखरेख में निकली निशान यात्रा हनुमानगढ़ी से निकलकर सिद्धार्थ तिराहा होते हुए स्टेशन रोड स्थित श्रीराम जानकी मंदिर पहुंची। वहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद यात्रा आगे बढ़ी और पंजाब नेशनल बैंक तक गई। इसके बाद पुनः हनुमानगढ़ी पहुंचकर यात्रा का समापन हुआ। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर और शर्बत वितरण कर यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा में सुसज्जित रथ पर विराजमान बाबा की मनोहारी झांकी आकर्षण का केंद्र रही। रंग-बिरंगे फूलों और विद्युत सज्जा से सजे रथ को देखने के लिए लोग अपने घरों और दुकानों के बाहर खड़े नजर आए। महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। सिर पर निशान लिए महिलाएं कतारबद्ध होकर चलती रहीं, जिससे यात्रा का दृश्य अत्यंत आकर्षक बन गया।अबीर-गुलाल उड़ाते हुए श्रद्धालुओं ने पूरे वातावरण को भक्तिमय रंग में रंग दिया।
पूरे मार्ग पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए थे, जिससे यात्रा शांतिपूर्वक संपन्न हो सकी। यात्रा में अजय जायसवाल, बिल्लू बंका, सोनू टिबड़ेवाल, मोना गोयल, सुनीता टिबड़ेवाल, श्वेता गोयल, कंचन टिबड़ेवाल, निर्मला बंका, बबिता बंका, गुड्डी अग्रवाल, नीता गोयल, कविता गुप्ता, शालिनी गुप्ता आदि की सहभागिता रही। अंत में आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।





