हमीरपुर। कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में करीब 90 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का जिलाधिकारी ने मौके पर ही निस्तारण कर दिया। शेष प्रकरणों के समाधान के लिए जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम, खंड विकास अधिकारियों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ वर्चुअल माध्यम से बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने कार्यालयों में नियमित रूप से जनसुनवाई करें और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता न बरती जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जनसुनवाई, आईजीआरएस और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए तथा समय से उसकी आख्या प्रस्तुत की जाए।





