सिद्धार्थनगर के मन्नीजोत गांव में आलू के खेत में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के बृजभान चौरसिया रविवार शाम बाजार गए थे और वापस नहीं लौटे। सोमवार सुबह उनका शव चोटों के साथ मिला, जिससे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है, फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।
सिद्धार्थनगर। मन्नीजोत गांव के बाहर आलू के खेत में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्वजन ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए।
त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के उज्जैनिया गांव निवासी बृजभान चौरसिया (45), पुत्र रामदुलारे चौरसिया, रविवार शाम करीब चार बजे भड़रिया बाजार जाने की बात कहकर घर से निकले थे। रात आठ बजे तक घर न लौटने पर स्वजन ने तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक उनका कोई सुराग नहीं मिला।
सोमवार सुबह करीब सात बजे ग्रामीणों ने गांव से लगभग 100 मीटर दूर उनके ही आलू के खेत में शव पड़ा देखा। खबर फैलते ही गांव में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
शव के सिर और पीठ पर चोट के निशान थे, जबकि मुंह और कान से खून निकलता दिखा। यह देख स्वजन ने हत्या की आशंका व्यक्त की है। मृतक के परिवार में पत्नी और चार बच्चे हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष त्रिलोकपुर चंद्रकांत पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के सही कारणों का पता चल सकेगा।





