मिठौरा (महराजगंज)। विकास खंड मिठौरा अंतर्गत ग्राम पंचायत बरोहिया में चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन वृहस्पतिवार को शतचंडी महायज्ञ का विधि-विधान से शुभारंभ हुआ। मां काली मंदिर के समीप स्थित यज्ञ स्थल से गाजे-बाजे के साथ निकली भव्य कलश शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। नौ दिवसीय महायज्ञ 27 मार्च को पूर्णाहुति के साथ संपन्न होगा। समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। महायज्ञ में यज्ञाचार्य पंडित राकेश मिश्रा एवं आचार्य भोलू पांडेय द्वारा वैदिक विधि से अनुष्ठान संपन्न कराया जा रहा है।
कलश शोभायात्रा यज्ञ स्थल से निकलकर बरोहिया छोटा टोला, जगदौर, सोनबरसा, हरपुर कला, पड़री कला, सेखुई और खरचौली होते हुए देवरिया ब्रांच नहर पुल हरदी पहुंची, जहां 301 मंगल कलशों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पवित्र जल भरा गया। इसके बाद कुंवारी कन्याएं व महिलाएं सिर पर कलश धारण कर जयघोष के साथ कतारबद्ध होकर आगे बढ़ीं। यात्रा पचमा छोटा टोला व बरोहिया ढाला होते हुए पुनः यज्ञ स्थल पहुंची, जहां मंत्रोच्चार के बीच कलशों को यज्ञ मंडप में स्थापित किया गया। इसके साथ ही पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल व्याप्त हो गया। कलश यात्रा में श्रद्धालुओं का लंबा काफिला शामिल रहा। इस दौरान यज्ञ समिति के संरक्षक व ग्राम प्रधान गिरिजेश गुप्ता, अध्यक्ष सोनू गुप्ता, कोषाध्यक्ष गजेंद्र चौधरी, महंत किशुन गिरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।





