उपजिलाधिकारी और जिला पूर्ति अधिकारी ने जिले की गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण कर स्टाक का लिया जायजा
महोबा। उपभोक्ताओं को समय पर घरेलू गैस उपलब्ध कराने के मुख्यमंत्री के जारी फरमान के बाद अब जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। उप जिलाधिकारी शिवध्यान पांडेय और जिला पूर्ति अधिकारी ने जिले की गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया स्टाक का जायजा लिया और रजिस्टर से रखे सिलेंडर स्टाक का मिलान भी किया। अधिकारियों ने एजेंसी संचालक को होम डिलीवरी व्यवस्था सुधारने के कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण के चलते गैस गोदामों के कर्मचारियों में खासा हड़कम्प मचा रहा।
अधिकारियों ने इंडेन गैस गोदाम पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान में इंडेन गैस सिलेंडरों के मौजूदा स्टॉक का बारीकी से मिलान किया और संबंधित रजिस्टरों की जांच की। निरीक्षण दौरान उप जिलाधिकारी ने बताया कि उन्हें लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। इसी समस्या के समाधान के लिए यह भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। कहा कि यह निरीक्षण आम उपभोक्ताओं को गैस की किल्लत से निजात दिलाने और वितरण प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए किया गया।
एसडीएम ने बताया कि एजेंसी के पास कितना स्टॉक उपलब्ध है और वितरण में कहां देरी हो रही है इस बावत जानकारी हासिल की गई। बताया कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह है कि किसी भी उपभोक्ता को गैस के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े और कालाबाजारी की संभावनाओं को पूरी तरह खत्म किया जा सके साथ ही गैस एजेंसी मालिक को तत्काल प्रभाव से होम डिलीवरी व्यवस्था सुधारने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। कहा कि उपभोक्ताओं के घर तक समय पर सिलेंडर पहुंचाना एजेंसी की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार और जिला प्रशासन की मंशानुसार आम जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े। इस औचक कार्रवाई से गैस संचालकों में हड़कंप का माहौल देखा गया।





