लखनऊ के चारबाग स्टेशन से गिरफ्तार चार आतंकियों से पूछताछ में एटीएस को आईएसआई और आईएसआईएस से उनके संबंध के सुराग मिले हैं। एटीएस अब यूपी में पहले गिरफ्तार आईएसआईएस आतंकियों से इनके कनेक्शन खंगाल रही है।
लखनऊ। लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन से पिछले शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए चार आतंकियों से पूछताछ में एटीएस को इस बात के सुराग मिले हैं कि चारों आतंकी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के साथ आईसिस के लिए भी काम कर रहे थे।
नतीजतन एटीएस ने उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों में गिरफ्तार किए गए आईसिस के आतंकियों की कुंडली खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही गिरफ्तार आतंकियों से बरामद मोबाइल फोन डाटा के जरिए एटीएस इनके सपंर्क में आए युवाओं की जानकारी भी जुटा रहा है।
एटीएस के सूत्रों के अनुसार उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में आईसिस के आतंकी सक्रिय हो रहे हैं। इन आतंकियों ने स्लीपर सेल के माध्यम से कई युवाओं को अपने साथ जोड़ा है। लखनऊ से गिरफ्तार किए गए चारों आतंकी खिलौना कार का इस्तेमाल कर बम विस्फोट करने की साजिश रच रहे थे।
आतंक का यह मॉड्यूल हाल ही में आईसिस के आतंकियों द्वारा तैयार किया गया है। पिछले दिनों दिल्ली से गिरफ्तार आईसिस के आतंकियों ने भी खिलौना कार से बम विस्फोट की तैयारी की थी।
नतीजतन एटीएस ने अब उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किए गए आईसिस के आतंकियों के साथ चारों आतंकियों के कनेक्शन की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए चारों आतंकियों के पास से बरामद फोन के डाटा की मदद ली जा रही है। अभी तक की जांच में यह बात सामने आई है कि मेरठ निवासी आतंकी साकिब इंटरनेट काल के जरिए कुछ आतंकियों से संपर्क किया था।





