Friday, March 13, 2026
spot_img
HomeMarqueeवायरल वीडियो प्रकरण में बढ़ा तनाव, प्रदर्शन के बाद दर्ज हुआ मुकदमा

वायरल वीडियो प्रकरण में बढ़ा तनाव, प्रदर्शन के बाद दर्ज हुआ मुकदमा

सुमेरपुर कस्बे में एक नाबालिग युवती से जुड़े कथित आपत्तिजनक वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले ने शनिवार को गंभीर रूप ले लिया। घटना को लेकर विभिन्न हिन्दूवादी संगठनों में आक्रोश फैल गया, जिसके बाद थाने पर प्रदर्शन, बाजार बंद और राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।

पीड़िता के परिजनों की ओर से आरोप लगाया गया है कि एक युवक ने पहले युवती से संपर्क किया और बाद में उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। इंकार करने पर कथित तौर पर युवती के अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए गए। इन्हीं आरोपों को लेकर हिन्दू संगठनों ने इसे गंभीर सामाजिक मामला बताते हुए विरोध प्रदर्शन किया और युवती के पिता के साथ थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर कस्बा निवासी मौलाना खान और उनके पुत्र अबान खान के खिलाफ नाबालिग से दुष्कर्म, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने, आईटी एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विवेचना की जा रही है और वायरल सामग्री, मोबाइल व सोशल मीडिया से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों की जांच कराई जा रही है।

प्रदर्शन, जाम और अव्यवस्था

दोपहर के समय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, बजरंग दल, गौरक्षा संघ, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, व्यापार मंडल सहित अन्य संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बाजार बंद कराते हुए थाने पहुंचे। इसके बाद थाने के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया गया, जिससे दोनों ओर सैकड़ों वाहन, यात्री बसें और एंबुलेंस फंस गईं। इससे यात्रियों और मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पर सीओ सदर राजेश कमल थाने पहुंचे। इस दौरान थाने परिसर में तनाव की स्थिति बनी रही। वहीं, कुछ स्थानों पर तोड़फोड़ की भी सूचना मिली है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

जनप्रतिनिधियों का हस्तक्षेप

घटना की जानकारी मिलने पर सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति, महामंडलेश्वर ज्योतिर्मानंद महाराज और नगर पंचायत चेयरमैन धीरेन्द्र शिवहरे थाने पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास किया। एफआईआर दर्ज होने और उसकी प्रति उपलब्ध कराए जाने के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई, हालांकि कुछ संगठन कठोर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और जांच पूरी होने तक शांति बनाए रखें। अधिकारियों का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular