अम्बेडकरनगर जनपद के हयातगंज हनुमानगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार को नगर पालिका टांडा और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा संचालित अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत सार्वजनिक स्थान पर कब्जा हटाया गया। अभियान के अंतर्गत टीम ने शांति पूर्ण ढंग से कार्य करते हुए बिना किसी बल प्रयोग या तोड़फोड़ के अतिक्रमण को हटवाया और संबंधित भूमि पर नगर पालिका का बोर्ड स्थापित कर दिया।जानकारी के अनुसार, हनुमानगढ़ क्षेत्र में नगर पालिका की भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अस्थायी कब्जा कर लिया गया था, जिसकी लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
इस पर संज्ञान लेते हुए नगर पालिका टांडा प्रशासन, स्थानीय पुलिस बल, और राजस्व विभाग की टीम संयुक्त रूप से मौके पर पहुंची और लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए समझाया गया। स्वैच्छिक रूप से कब्जा हटवाने के बाद नगर पालिका की सीमा चिन्हित करते हुए नगर पालिका का आधिकारिक बोर्ड स्थापित किया गया।कार्यवाही के दौरान क्षेत्र में शांति बनी रही और पुलिस बल ने पूरी सतर्कता के साथ स्थिति को संभाला।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई केवल उन्हीं स्थानों पर की जा रही है, जहां नगर पालिका की भूमि पर अनधिकृत रूप से कब्जा किया गया था।नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने बताया कि अतिक्रमण हटाने का यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा और नगर क्षेत्र की संपत्ति पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की और कहा कि इससे क्षेत्र में व्यवस्था बेहतर होगी।