प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘परीक्षा पर चर्चा’ का राजधानी लखनऊ के विद्यालयों में सजीव प्रसारण देखा गया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने केकेवी गर्ल्स इंटर कॉलेज में छात्राओं के साथ यह कार्यक्रम देखा और उन्हें अध्ययन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री के सुझावों को जीवन में उतारने का आह्वान किया, जिसमें पढ़ाई को बोझ नहीं, सीखने की यात्रा बताया गया। पीएम ने सोने से पहले अगले दिन की योजना बनाने और आत्ममंथन की सलाह दी।
लखनऊ। बोर्ड परीक्षाओं में बढ़ते तनाव को कम करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को ‘परीक्षा पर चर्चा’ की, जिसका राजधानी के विद्यालयों में विद्यार्थियों ने सजीव प्रसारण देखा। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने चारबाग के केकेवी गर्ल्स इंटर कालेज में छात्राओं के साथ चर्चा सुनी।
राज्यपाल ने विद्यालय की छात्राओं को अध्ययन एवं परीक्षा की तैयारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंंने छात्राओं से प्रधानमंत्री द्वारा ‘परीक्षा पर चर्चा’ कार्यक्रम के माध्यम से दिए गए मार्गदर्शन एवं सुझावों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा कि बोझ नहीं, सीखने की यात्रा है पढ़ाई, इसे जीवन में उतारें। इस नौवें संस्करण में देश के विभिन्न हिस्सों से आए विद्यार्थियों से प्रधानमंत्री के संवाद को भी देखा। प्रधानमंत्री ने सोने से पूर्व अगले दिन के कार्यों की सूची बनाने और दिन के अंत में आत्ममंथन करने की सलाह दी।
वहीं एसजीपीजीआइ के केंद्रीय विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य डा. कौशलेंद्र सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन से विद्यार्थियोें का उत्साह बढ़ता है। गाेमतीनगर, अलीगंज, आरडीएसओ समेत सभी केंद्रीय विद्यालयों और सरकारी विद्यालयों में प्रसारण देखा गया।





