इटावा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में रिजर्व पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिला रिक्रूट आरक्षियों का अंतिम परीक्षाफल विधिवत घोषित किया गया, जिसमें समस्त महिला रिक्रूट आरक्षियों ने परीक्षा में सफलता प्राप्त कर अपनी कड़ी मेहनत और बेहतर प्रशिक्षण का परिचय दिया।इस उपलब्धि पर पुलिस लाइन स्थित सभागार में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।एसएसपी द्वारा आंतरिक एवं बाह्य परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली महिला आरक्षियों की विशेष सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी तथा सभी सफल प्रशिक्षुओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई और उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उनका उत्साहवर्धन किया गया।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं,बल्कि समाज की सेवा एवं सुरक्षा का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने सभी रिक्रूट आरक्षियों को अनुशासन,ईमानदारी,कर्तव्यनिष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया। साथ ही महिला सुरक्षा,कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने एवं आमजन में विश्वास एवं सुरक्षा की भावना स्थापित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी,क्षेत्राधिकारी लाइन्स/जसवंतनगर सुश्री आयुषी सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात रामगोपाल शर्मा,प्रतिसार निरीक्षक,प्रशिक्षकगण एवं पुलिस/प्रशासन के अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।





