महोबा। पुलिस अधीक्षक महोबा शशांक सिंह ने शुक्रवार को पुलिस लाइन महोबा स्थित सभागार कक्ष में अपर पुलिस अधीक्षक महोबा वंदना सिंह की उपस्थिति में जनपद महोबा में नियुक्त समस्त चौकी प्रभारी एवं हल्का प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की।
गोष्ठी के प्रारंभ में पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी अधिकारियों के साथ परिचयात्मक चर्चा करते हुए उनका परिचय प्राप्त किया गया। इसके उपरांत जनपद की कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आगामी 14 अप्रैल को आयोजित होने वाली डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराए जाने के संबंध में विस्तृत बिंदुवार निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि सभी जुलूस एवं जनसभाओं के दृष्टिगत पूर्व से ही रूट मार्च/भ्रमण किया जाए, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा संभ्रांत नागरिकों से संवाद स्थापित कर समन्वय बनाए रखा जाए। साथ ही अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखते हुए संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का परीक्षण कर लिया जाए।
इसी क्रम में शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाने, प्रभावी जनसुनवाई सुनिश्चित करने, आमजन के साथ विनम्र व्यवहार रखने तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्राप्त होने वाले प्रत्येक प्रार्थना पत्र को स्वयं संज्ञान लेकर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करें तथा मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करें। लंबित विवेचनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए उनका शीघ्र निस्तारण किया जाए एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
पुलिस अधीक्षक द्वारा यह भी निर्देशित किया गया कि एकपक्षीय कार्यवाही से बचते हुए निष्पक्षता बनाए रखें, क्षेत्र में सुदृढ़ मुखबिर तंत्र विकसित करें तथा सूचनाओं का प्रभावी संकलन करें। साथ ही क्षेत्र के शातिर अपराधियों का सत्यापन कर उनकी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए।
गोष्ठी के अंत में पुलिस अधीक्षक महोबा द्वारा सभी अधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी, निष्ठा एवं समर्पण के साथ करें। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों,कर्मचारियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।





