शोहरतगढ़ सिद्धार्थनगर। ग्राम पंचायत अधिकारी/ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति के बैनर तले मंगलवार को शोहरतगढ़ ब्लॉक मुख्यालय पर सचिवों ने ऑनलाइन उपस्थिति (एफ.आर.एस.) प्रणाली एवं गैर विभागीय कार्यों के भार के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। सभी सचिवों ने हाथों में काली पट्टी बांधकर अपना रोष प्रकट किया।
वरिष्ठ सचिव रामस्वरूप गुप्ता के नेतृत्व में सचिव राम सिंह, प्रभारी एडीओ (पं.) एवं सचिव कुंवर कन्नौजिया, सचिव अजय भारतीया, सचिव कामेश्वर मिश्र, सचिव गौरव श्रीवास्तव, सचिव संदीप सरोज सहित अन्य अधिकारियों ने कहा कि 3 नवंबर से लागू की गई ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली वर्तमान परिस्थितियों में व्यवहारिक नहीं है। तकनीकी दिक्कतें और फील्ड परिस्थितियाँ सचिवों के शासकीय कार्यों में बाधा बन रही हैं, इसलिए सरकार को इस आदेश पर पुनर्विचार करना चाहिए।
वरिष्ठ सचिव अजय भारतीया ने बताया कि 1 से 4 दिसंबर तक सभी पंचायत सचिव काली पट्टी बांधकर शासकीय कार्य करते हुए सांकेतिक विरोध दर्ज करेंगे। इसके बाद 5 दिसंबर को ब्लॉक मुख्यालय पर सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक धरना–विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि विरोध प्रस्ताव के तहत सभी सचिव ब्लॉक के आधिकारिक व्हाट्सऐप ग्रुप को भी छोड़ देंगे। साथ ही 10 दिसंबर से सचिव इंजन चालित वाहनों से क्षेत्र भ्रमण नहीं करेंगे, बल्कि शासन द्वारा निर्धारित 200 रुपये साइकिल भत्ते के अनुसार केवल सार्वजनिक परिवहन (टेम्पो/बस) का ही उपयोग करेंगे।





