पीपरपुर थाना क्षेत्र के अन्तर्गत केशवपुर में तालाब की भूमि पर अवैध निर्माण का एक प्रकरण दो महीने में भी नहीं हल हो पाया है। पीड़ित महिला कलेक्ट्रेट, तहसील और थाने का चक्कर लगाने को मजबूर है।
केशवपुर की निर्मला पत्नी स्वर्गीय वंशीलाल को पड़ोसी पिछले कई महीनों से परेशान कर रहे हैं। पीड़ित महिला ने डी एम को प्रार्थना पत्र दिया था। क्षेत्रीय लेखपाल ने कोई कार्रवाई नहीं की। महिला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की थी।इस प्रार्थना पत्र का भी समुचित निस्तारण नहीं हुआ। निर्मला ने 21फरवरी को सम्पूर्ण समाधान दिवस में एस डी एम से शिकायत की थी।
एस डी एम ने राजस्व निरीक्षक और लेखपाल को प्रकरण की जांच कर मामले का समुचित निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। लेखपाल अभी तक मौके पर नहीं गये। रविवार को राजस्व निरीक्षक राजकुमार सिंह ने मौके पर जाकर मामले की जांच की। राजस्व निरीक्षक ने बताया कि अवैध निर्माण हटवाने के लिए संयुक्त टीम का गठन जरुरी है। संयुक्त टीम के द्वारा ही मामले का निस्तारण किया जा सकता है। अकेले मेरे वश की कोई बात नहीं है।





