अभियान को सफल बनाने के लिए सभी अधिकारी, शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकत्री मिलकर करें कार्य: विधायक
सिद्धार्थनगर। स्कूल चलों अभियान 2026-27 का शुभारम्भ कार्यक्रम मुख्य अतिथि विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही, विधायक डुमरियागंज श्रीमती सैय्यदा खातून, विधान परिषद सदस्य ध्रुव कुमार त्रिपाठी, सांसद प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन, मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह की उपस्थिति में बुधवार को अम्बेडकर सभागार में सम्पन्न हुआ। अतिथियों द्वारा द्वीप प्रज्ज्वलित कर एवं मॉ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार द्वारा जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारियों को बुकें देकर स्वागत किया गया। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के छात्राओं द्वारा सरस्वती बन्दना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।
इस दौरान विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री जी ने शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए स्कूल चलो अभियान संचालित किया है। उनका सोच है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे सबको शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ा जाये। इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी अधिकारी, शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकत्री मिलकर कार्य करें तथा घर घर जाकर अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुये अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में सुनिश्चित करायें। प्रदेश सरकार द्वारा विद्यालयों का कायाकल्प के माध्यम से सौन्दर्यीकरण कराकर फर्नीचर, स्मार्ट क्लास, शौचालय, पेयजल व्यवस्था आदि सुविधाओं से लैस किया गया है।
बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए योग्य शिक्षकों की तैनाती की गयी है। बच्चोें को निःशुल्क पाठ्य पुस्तक, बैग, जूता मोजा, मध्यान्ह भोजन आदि उपलब्ध कराया जा रहा है जिससे हमारे जनपद के बच्चों को शिक्षा ग्रहण करने में कोई समस्या न उत्पन्न हो। विधान परिषद सदस्य ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने कहा कि स्कूल चलो अभियान में सभी शिक्षक एवं अधिकारी मिलकर अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कराकर जनपद को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का कार्य करें। इस अभियान का उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से बंचित न रहने पाये। घर-घर जाकर सम्पर्क करें तथा अभिभावकों को जागरूक करते हुये नामांकन सुनिश्चित करायें।
विधायक श्रीमती सैय्यदा खातून ने कहा कि बच्चे हमारे देश के भविष्य हैं इसलिए उनको शिक्षित होना बहुत जरूरी है। अभिभावको को जागरूक कर बच्चों का नामांकन करायें। कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। सांसद डुमरियागंज प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल द्वारा भी अपना विचार रखा गया। इस दौरान प्रावि कृष्णानगर एवं प्रा वि सनई लंगड़ी के नव प्रवेशी बच्चों को बैग, निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया गया तथा चाकलेट व पेन वितरित किया गया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक अरूण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षक/शिक्षिका व बच्चों की उपस्थित रही।





