समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के बाद यूपी में आक्रोश
लखनऊ में हजरतगंज चौराहे पर सपाइयों का प्रदर्शन, सरकार पर तानाशाही का आरोप
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया, रिहाई की मांग
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में समाजवादी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर हमला बोला है। सपा ने सरकार की कार्रवाई को तानाशाही करार देते हुए संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए देशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान किया है। इसी क्रम में सोमवार को लखनऊ के हजरतगंज में पार्टी के छात्र सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र कुमार यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में नौजवानों और महिला कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।
सपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए, जिनमें “पीडीए ने ठाना है, SIR वापस करवाना है” और “लोकतंत्र की हत्या बंद करो, श्री अखिलेश यादव को रिहा करो” शामिल थे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बीजेपी और चुनाव आयोग पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए वोट चोरी का मुद्दा भी उठाया। छात्र सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र कुमार यादव ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए समाजवादी नौजवानों का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की लाठी और गिरफ्तारी से उनका मनोबल नहीं तोड़ा जा सकता है।
प्रदर्शन में महेंद्र कुमार यादव के साथ राज साहनी, दीपक छतवारा, आकाश यादव, विवेक सिंह, आलोक प्रताप, हिमांशु संघर्षी, अंकित यादव, मोहित पाल, अंकित शेरा, रवि प्रकाश, आशीष यादव, अनुज रावत, युवराज सिंह, राजीव यादव, प्रवेश यादव और सुजीत कुमार जैसे प्रमुख नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं, महिला सभा की राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष वंदना चतुर्वेदी के नेतृत्व में रंजना वर्मा पटेल, प्रीति सिंह, रामावती यादव और रंजना शर्मा ने भी विधानभवन के सामने प्रदर्शन कर गिरफ्तारी दी।
लखनऊ के जिलाध्यक्ष जय सिंह जयंत ने गिरफ्तार किए गए कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की। इस दौरान शब्बीर अहमद खान, टीबी सिंह, भरत यादव, ऊषा सेन, मयाराम वर्मा, रामप्रकाश यादव, अकरम बब्लू, तानसेन, अंकित सिंह और त्रिभुवन सिंह सहित कई स्थानीय नेता भी मौजूद रहे। समाजवादी पार्टी ने यह साफ कर दिया है कि वह अपनी लड़ाई जारी रखेगी और अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष की रिहाई तक पीछे नहीं हटेगी।





