आज कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का 55वां जन्मदिन है जिस पर पीएम मोदी ने उन्हें बधाई दी। राहुल गांधी का जन्म 19 जून 1970 को नई दिल्ली में हुआ था। उन्होंने फ्लोरिडा और कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी से शिक्षा प्राप्त की है। राहुल गांधी 2004 में राजनीति में आए और अमेठी से सांसद बने। 2024 में उन्होंने रायबरेली और वायनाड दोनों सीटों से जीत हासिल की।
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का आज 55वां बर्थडे है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई दी है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर उनकी लंबी उम्र की कामना की है।
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, “लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनके दीर्घायु होने और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।”
बता दें, कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जन्म 19 जून, 1970 को नई दिल्ली में हुआ था। वह पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के बड़े संतान हैं। वर्तमान में राहुल गांधी उत्तर प्रदेश के रायबरेली लोकसभा सीट से सांसद हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष भी रह चुके हैं राहुल गांधी
राहुल गांधी ने अपनी पढ़ाई भारत और विदेश, दोनों जगह की है। उन्होंने फ्लोरिडा और रोलिन्स कॉलेज से ग्रेजुएशन किया है और फिर कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के ट्रिनिटी कॉलेज से एम.फिल. की डिग्री हासिल की। राहुल गांधी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर भी रह चुके हैं।
राहुल ने अपनी पढ़ाई के बाद कुछ समय लंदन में एक कंसल्टिंग फर्म, मॉनिटर ग्रुप के साथ काम किया और फिर भारत आकर मुंबई में एक प्रौद्योगिकी आउटसोर्सिंग कंपनी, बैकॉप्स सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की स्थापना में मदद की।
राहुल गांधी का सियासी करियर
साल 2004 में राहुल गांधी ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की। वह पहली बार अपने पिता की पारंपरिक सीट उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। इसके बाद वह 2009 और 2014 में भी अमेठी से जीतकर संसद पहुंचे।
2007 में उन्हें कांग्रेस का महासचिव नियुक्त किया गया और फिर 2013 में वो कांग्रेस के उपाध्यक्ष बने। 2017 में राहुल गांधी को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का भार सौंपा गया, लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को मिली करारी हार के बाद उन्होंने पद छोड़ दिया था।
2024 के चुनाव में दो सीटों पर राहुल को मिली जीत
हालांकि, 2024 को लोकसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी काफी ज्यादा एक्टिव थे और उन्होंने इस दौरान भारत जोड़ो यात्री भी निकाली थी। राहुल गांधी ने 2024 लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट और केरल के वायनाड सीट से चुनाव लड़ा था और उन्हें दोनों सीटों पर जीत मिली थी।