असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पहलगाम हमले के बाद शशि थरूर असदुद्दीन ओवैसी और सुप्रिया सुले जैसे विपक्षी नेताओं की भारत का पक्ष रखने के लिए प्रशंसा की। उन्होंने राहुल गांधी पर देश और सशस्त्र बलों के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया। सरमा ने कहा कि राहुल गांधी लगातार भारत को हुए नुकसान के बारे में पूछते हैं।
गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद देश की जवाबी कार्रवाई के मद्देनजर विदेशी धरती पर भारत का पक्ष रखने के लिए शशि थरूर, असदुद्दीन ओवैसी और सुप्रिया सुले जैसे विपक्षी नेताओं की सोमवार को प्रशंसा की, लेकिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर देश और सशस्त्र बलों के साथ ‘विश्वासघात’ करने का आरोप लगाया है।
राज्य विधानसभा में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर एक प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सरमा ने कहा कि राहुल गांधी लगातार भारत को हुए नुकसान के बारे में पूछ रहे हैं, लेकिन कभी यह नहीं जानना चाहा कि सैन्य संघर्ष में पाकिस्तान को कितना नुकसान हुआ।
राहुल गांधी ने लगाए थे ये आरोप
पिछले सप्ताह लोकसभा में विपक्ष के नेता ने आरोप लगाया कि भारत-पाकिस्तान सैन्य संघर्ष के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फोन के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आत्मसमर्पण कर दिया था। इस बयान पर सत्तारूढ़ पार्टी की ओर से तीखी प्रतिक्रिया आई थी।
असम के सीएम ने राहुल पर साधा निशाना
सरमा ने कहा कि राहुल गांधी केवल यह जानना चाहते हैं कि पाकिस्तान ने कितने लड़ाकू विमानों को नष्ट किया, जबकि उस देश का मीडिया सब कुछ खुलेआम दिखा रहा था। मैंने कभी इतने बड़े नेता को भारत के हितों के खिलाफ बोलते नहीं देखा और अब वे जय हिंद यात्रा निकाल रहे हैं, जो केवल भारतीय सेना का मनोबल गिराने के लिए है। उन्होंने दावा किया कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद कांग्रेस पाकिस्तान में अधिक लोकप्रिय हो गई है, क्योंकि उनका मीडिया भारतीय विपक्षी पार्टी को अधिक समय दे रहा है और राहुल गांधी के हर बयान को प्रसारित कर रहा है।
शशि थरूर का जताया आभार
उन्होंने कहा, ‘मैं कांग्रेस और अन्य विपक्षी नेताओं, विशेषकर शशि थरूर का आभारी हूं, जिन्होंने विदेशी धरती पर भारत का पक्ष ²ढ़ता से रखा है। न केवल उन्होंने, बल्कि असदुद्दीन ओवैसी और सुप्रिया सुले जैसे नेताओं ने भी विदेशी धरती पर भारत का प्रतिनिधित्व किया और राष्ट्र का पक्ष रखा।’ मुख्यमंत्री ने कहा कि वे सभी भारत के लिए खड़े थे। लेकिन लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने ऐसा नहीं किया। उन्होंने देश के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने सशस्त्र बलों के साथ विश्वासघात किया है।
‘अवैध विदेशियों की पहचान कर उन्हें निष्कासित किया जाएगा’
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि राज्य सरकार अवैध विदेशियों की पहचान करने और उन्हें निष्कासित करने के लिए 1950 के कानून को सख्ती से लागू करेगी। उन्होंने दावा किया कि इस कानून के तहत जिला आयुक्तों को अवैध प्रवासियों को विदेशी घोषित करने और निष्कासन की प्रक्रिया शुरू करने का अधिकार हासिल है।