12 शिकायतें प्राप्त, महिलाओं को दी गई विधिक व अधिकारों की जानकारी
फतेहपुर। अंजू प्रजापति, सदस्या उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्षता में लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस जनसुनवाई में दूर-दराज क्षेत्रों से आई महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया, जिसमें कुल 12 आवेदन प्राप्त हुए।
प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए राज्य महिला आयोग की सदस्या ने निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण, प्राथमिकता के आधार पर, समयबद्ध एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके पश्चात पिछली जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान महिलाओं को विधिक अधिकारों एवं कानूनी प्रक्रियाओं से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र महिलाओं तक शत-प्रतिशत पहुंचाया जाना चाहिए तथा महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर पुलिस क्षेत्राधिकारी, महिला थानाध्यक्ष, प्रोबेशन कार्यालय तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।





