Thursday, March 12, 2026
spot_img
HomeMarqueeखिचड़ी मेले की तैयारी पूर्ण, आज श्रद्धालु चढ़ाएंगे आस्था की खिचड़ी

खिचड़ी मेले की तैयारी पूर्ण, आज श्रद्धालु चढ़ाएंगे आस्था की खिचड़ी

श्रद्धा, सुरक्षा और संस्कृति का अनूठा संगम — नगर पंचायत चौक गोरक्षधाम में उमड़ेगा जनसैलाब

मिठौरा (महराजगंज)। नगर पंचायत चौक स्थित प्रसिद्ध गुरु गोरक्षनाथ मंदिर में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर लगने वाले आस्था की खिचड़ी मेले की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। शुक्रवार को होने वाले इस आयोजन में दूर-दराज के क्षेत्रों के साथ-साथ स्थानीय श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसी को देखते हुए प्रशासन और नगर पंचायत द्वारा सुरक्षा, सुविधा और व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

मिनी गोरक्षधाम के नाम से प्रसिद्ध इस मंदिर में वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार श्रद्धालु बाबा गुरु गोरक्षनाथ को खिचड़ी अर्पित करते हैं। मान्यता है कि बाबा के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई मन्नतें अवश्य पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के कारण हर वर्ष लाखों श्रद्धालु इस मेले में भाग लेते हैं।

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नगर पंचायत चौक में अस्थायी थाना स्थापित किया गया है। पूरे मेले क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा निगरानी के लिए कंट्रोल रूम की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही खोया-पाया केंद्र की स्थापना की गई है ताकि बच्चों और बुजुर्गों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

भीड़ नियंत्रण के लिए जिले के विभिन्न थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। नगर पंचायत चौक को जोड़ने वाले सभी मार्गों पर बैरिकेडिंग कर यातायात को नियंत्रित किया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में राहत कार्य में बाधा न आए।

सजावट और रोशनी से सजा पूरा नगर पंचायत

मंदिर परिसर सहित पूरे नगर पंचायत को आकर्षक सजावट और रोशनी से सजाया गया है। रंग-बिरंगी लाइटों और झंडियों से चौक क्षेत्र भक्तिमय और उत्सवमय वातावरण में तब्दील हो गया है।

मेले में मनोरंजन और खरीदारी की भी भरपूर व्यवस्था

मेले में बच्चों के लिए खिलौनों की दुकानें, झूले और जंपिंग राइड्स, वहीं मिठाइयों और खान-पान की दर्जनों दुकानें सजी हैं। महिलाओं के लिए सौंदर्य प्रसाधन और श्रृंगार की दुकानें लगाई गई हैं। मनोरंजन के लिए मौत का कुआं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों हेतु नृत्य पार्टियां और लोक कलाकार भी आमजन के मनोरंजन के लिए पहुंचे हैं।

श्रद्धा, परंपरा और संस्कृति का संगम

खिचड़ी मेला न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह क्षेत्र की सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को भी सहेजता है। प्रशासन, नगर पंचायत और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से यह आयोजन हर वर्ष सफलतापूर्वक संपन्न होता रहा है।

इस बार भी श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और आस्था का पूरा ध्यान रखते हुए मेला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। अब बस इंतजार है उस शुभ घड़ी का, जब बाबा गुरु गोरक्षनाथ को आस्था की खिचड़ी अर्पित कर श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं बाबा के चरणों में समर्पित करेंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular