पडरौना छावनी में स्थित न्यू लाइफ हॉस्पिटल का मामला
अस्पताल प्रशासन और चिकित्सक पर परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप
कुशीनगर। इलाज के नाम पर लोगो की जिन्दगी से खिलवाड़ करने वाले अस्पतालों में बेखौफ मौत का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को पडरौना नगर के छावनी स्थित न्यू लाइफ हॉस्पिटल में प्रसूता की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन व चिकित्सक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मौके पर पहुंच पुलिस परिजनों को शान्त करने मे घंटो मशक्कत करती रही।
बता दें कि जिले के तमकुहीराज के पंडित दीनदयाल नगर मुहल्ले के निवासी अमित राय प्रसव पीड़ा से ग्रसित अपनी पत्नी स्मिता देवी को गुरुवार की सुबह तकरीबन 11 बजे पडरौना छावनी स्थित न्यू लाइफ हॉस्पिटल अस्पताल में भर्ती कराया था जहां दोपहर लगभग 3:45 बजे चिकित्सक ने स्मिता राय का ऑपरेशन किया, इस दौरान स्मिता ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया।
परिजनों का आरोप है कि प्रसव के तत्काल बाद स्मिता की हालत बिगड़ने लगी, लेकिन अस्पताल प्रशासन व चिकित्सको ने स्थिति को गंभीरता से नही लिया। परिजनों का कहना है कि समय पर उचित इलाज किया जाता तो स्मिता की जान बच सकती थी। इधर मृतका के दोनों बच्चे स्वस्थ बताए जा रहे हैं। मां की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
घटना की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचकर हंगामा करने लगे जिससे वहां काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस काफी मशक्कत के बाद परिजनों को शान्त कराकर स्थिति को नियंत्रित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के हंगामे के बाद अपर मुख्य चिकित्साधिकारी एस.एन. त्रिपाठी भी घटनास्थल पर पहुंचे उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





