इटावा। प्राथमिक विद्यालय उद्यनपुरा,महेवा में इको क्लब कार्यक्रम के अंतर्गत पॉलीथिन के उपयोग को कम करने एवं प्लास्टिक अपशिष्ट के पुनः उपयोग हेतु “इको ब्रिक” निर्माण विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम के दौरान स्टेट रिसोर्स ग्रुप के सदस्य राम जनम सिंह ने विद्यार्थियों को बताया कि पॉलीथिन पर्यावरण के लिए अत्यंत हानिकारक है। यह मिट्टी की उर्वरता को प्रभावित करती है तथा जल स्रोतों को प्रदूषित करती है। इसके विकल्प के रूप में प्लास्टिक कचरे को बोतलों में भरकर “इको ब्रिक” बनाने की विधि का प्रदर्शन उनके द्वारा किया गया।
विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक इस प्रक्रिया को सीखा और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।इस अवसर पर प्रधानाध्यापक श्री अमित प्रकाश ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा प्रत्येक नागरिक का दायित्व है और इसकी शुरुआत विद्यालय स्तर से ही होनी चाहिए।उन्होंने बच्चों को अपने घर एवं आसपास के क्षेत्रों में भी पॉलीथिन के उपयोग को कम करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में विनय तोमर भी उपस्थित रहे तथा उन्होंने विद्यार्थियों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में जानकारी दी।कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ हुआ।





