फतेहपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज फतेहपुर जनपद के दौरे पर रहेंगे। 18 फरवरी की देर शाम पार्टी के केंद्रीय कार्यालय से जारी प्रोटोकॉल के बाद जिले की सियासत में हलचल तेज हो गई है। कार्यक्रम की सूचना मिलते ही सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वागत व व्यवस्थाओं की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
जारी कार्यक्रम के अनुसार सपा प्रमुख सबसे पहले थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र के अफोई गांव पहुंचेंगे, जहां वे पूर्व विधायक मोहम्मद शफीर का कुशलक्षेम जानेंगे। अफोई में सपा प्रमुख के आगमन को लेकर स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इसके बाद अखिलेश यादव फतेहपुर नगर क्षेत्र में पूर्व नगर पालिका परिषद चेयरमैन एवं सपा नेता हाजी रज़ा के आवास पहुंचकर उनकी वृद्ध माता नजाकत खातून से शिष्टाचार भेंट करेंगे।
दौरे के क्रम में सपा प्रमुख पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह यादव के आवास पर आयोजित उनकी पुत्री के विवाह समारोह में भी शामिल होंगे। इसे संगठनात्मक रूप से अहम माना जा रहा है, क्योंकि इस अवसर पर जिले के प्रमुख पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रहने की संभावना है। राजनीतिक दृष्टि से इस दौरे को सपा के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। जिले के कई मुद्दों को लेकर सपा प्रमुख की संभावित प्रतिक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हैं। वहीं प्रशासन भी एलर्ट है।





