अम्बेडकरनगर जिले में नशे के कारोबार पर जहांगीरगंज पुलिस ने शनिवार को करारा वार किया। एसपी केशव कुमार के निर्देशन में थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में तीन तस्करों को 80 किलो 300 ग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद गांजे की कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है।मिली जानकारी के अनुसार, सिकंदरपुर रोड पर स्विफ्ट डिजायर कार (UP-53-AB-6849) में गांजा सप्लाई की तैयारी थी। मुखबिर से सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दी।
पुलिस को देखकर तस्कर भागने लगे, लेकिन जवानों ने रणविजय राजभर और रामप्रवेश राजभर को मौके से दबोच लिया। तलाशी में कार के गुप्त लॉकर से 33 बंडल में भरा गांजा, एक मोबाइल, दो चाबियां और 3010 रुपये नकद बरामद हुए।गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि यह गांजा उड़ीसा से लाया गया था और सावन के दौरान खपाने की योजना थी।
उनकी निशानदेही पर पुलिस ने तीसरे तस्कर अशोक यादव को भी सिकंदरपुर रोड से पकड़ लिया, जो बजाज प्लेटिना बाइक से वहां आया था।पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अजय प्रताप सिंह, एसओजी प्रभारी विनोद यादव और सर्विलांस प्रभारी प्रभाकांत तिवारी के नेतृत्व में 19 सदस्यीय टीम ने बड़ी कामयाबी हासिल की। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूछताछ के बाद और भी खुलासे होने की उम्मीद है।





