नकली खाद माफिया पर कार्रवाई, छह आरोपी गिरफ्तार
महोबा। जिले में बिक रही नकली खाद की शिकायत पर कृषि विभाग और पुलिस की टीम ने नकली खाद भरते हुए रंगे हाथों आधा दर्जन लोगों को गिरफतार कर लिया। पुलिस ने बड़ी संख्या में नकली खाद की बोरी रेपर ट्रैक्टर और पैकिंग मशीन भी जब्त कर ली। इस कार्रवाई से नकली खाद कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मंच गया।
कृषि विभाग की शिकायत पर पुलिस ने थाना कबरई के रिवई गांव स्थित एक ढाबा पर छापामार कार्रवाई की। जहां पर चार लोग नकली खाद को असली कम्पनी की बोरियों में पैक कर बेचने की तैयारी कर रहे थे। तभी पुलिस ने छापामार कर 117 नकली खाद की बोरी, 70 खाली रैपर, 52 कच्ची बोरियां और एक ट्रैक्टर के साथ एक पैकिंग मशीन बरामद कर ली।
छापामार कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को नकली खाद तैयार करते हुए गिरफतार कर लिया, अब उनसे पुलिस पूछताछ कर रही है। जिला कृषि अधिकारी दुर्गेश सिंह ने बताया कि छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। उन्होने बताया कि अभियान का उद्देश किसानों को गुणवत्ता पूर्ण और असली खाद उपलब्ध कराना है। ताकि किसानों की उपज अच्छी पैदा हो सके।





