पेंशनरों की समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक संपन्न
बैठक में वरिष्ठ नागरिक पेंशन सेवा संस्थान के पदाधिकारियों ने 17 सूत्रीय मांग पत्र प्रस्तुत कर निस्तारण कराए जाने की उठाई मांग
महोबा। पेंशनरों की समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कुंवर पंकज की अध्यक्षता में बैठक संपन्न हुई। बैठक में वरिष्ठ नागरिक पेंशन सेवा संस्थान के पदाधिकारियों ने 17 सूत्रीय मांग पत्र प्रस्तुत कर निस्तारण कराए जाने की मांग उठाई। अपर जिलाधिकारी ने सभी सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशनरों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण किया जाए के निर्देश दिए।
बैठक में संस्थान के महामंत्री बीके तिवारी ने बताया कि पेंशन एवं पारिवारिक पेंशन के विवरण को अभिलेखों में सही ढंग से दर्ज कराया जाए, वर्ष 2016 के पूर्व के पेंशन प्रकरणों का पुनरीक्षण कराया जाए साथ ही पेंशन धारक की मृत्यु पर भाग-3 प्रपत्र की प्रक्रिया में अनावश्यक बाधा समाप्त किया जाना चाहिए। ऑनलाइन जीवन प्रमाण पत्र प्रदर्शित न होने पर मोबाइल अलर्ट सुविधा उपलब्ध कराना चाहिए। बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय पेंशन भवन का मरम्मत कराने और फिजियोथैरेपी केंद्र के लिए उपकरण उपलब्ध कराए जाए, जिससे पेंशनरों को इसका लाभ मिल सके।
इस मौके पर पेंशनरों ने चिकित्सा प्रतिपूर्ति दावों का समयबद्ध निस्तारण, नगर पालिकाओं के पेंशनरों को नोशनल वेतन वृद्धि का लाभ, सेवानिवृत्त स्वास्थ्य कर्मियों के अवशेष दावों का त्वरित निस्तारण, जिला चिकित्सालय में पेंशनरों के लिए पृथक दवा वितरण काउंटर एवं आपात दवा, उपकरण की उपलब्धता, ओपीडी समय में सभी चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित कराना सति स्व. राम ओंकार सिंह की विधवा को पारिवारिक पेंशन दिलाए जाने की मांग उठाई गई।
अपर जिलाधिकारी ने पेंशनरों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सभी सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण किया जाए साथ ही पारिवारिक पेंशन एवं चिकित्सा प्रतिपूर्ति के प्रकरणों को अभिलेख सहित तत्काल प्रस्तुत कराए जाने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी की अनुपस्थिति पर पेंशनरों ने गहरी नाराजगी व्यक्त की।
बैठक में वरिष्ठ कोषाधिकारी देवकुमार यादव सहित विभागीय अधिकारियों के साथ वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान के पदाधिकारी शिवकुमार त्रिपाठी, ईश्वरी प्रसाद तिवारी, बसंतलाल गुप्ता, जगदीश कुमार, अरविन्द खरे, रामसजीवन गुप्ता, शहनाज परवीन, पुष्पा सक्सेना, सत्यभामा, गीता पाण्डेय, गंगाप्रसाद, संतोष सक्सेना आदि दो दर्जन पदाधिकारी उपस्थित रहे।





