हमीरपुर। आगामी पर्व होलिका दहन, होली, रमजान के अंतिम शुक्रवार (अलविदा) की नमाज एवं ईद-उल-फितर को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट स्थित डॉ एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में जिला पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने की तथा पुलिस अधीक्षक डॉ दीक्षा शर्मा उपस्थित रहीं।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सभी पर्व परंपरागत ढंग से प्रेम और भाईचारे के साथ मनाए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि होलिका दहन स्थलों के आसपास जर्जर विद्युत तारों को दुरुस्त कराया जाए, ताकि शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं से बचा जा सके। संवेदनशील स्थानों का स्थलीय निरीक्षण कर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए।
जुलूसों के दौरान डीजे पर किसी भी प्रकार के धार्मिक उन्माद फैलाने वाले अथवा अश्लील गीत न बजाने के निर्देश दिए गए। होली और ईद के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने को भी कहा गया। पुलिस विभाग को अराजक और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने तथा किसी भी अव्यवस्था पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने डीपीआरओ एवं नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। पर्वों के दौरान पेयजल आपूर्ति बाधित न हो, यह सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। साथ ही नकली व अवैध शराब के निर्माण और परिवहन पर रोक लगाने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ नियमित अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि निरोधात्मक कार्रवाई केवल उन्हीं लोगों पर की जाए जो वास्तव में माहौल खराब कर सकते हैं। गरीब और निर्दोष लोगों पर अनावश्यक रूप से धारा 107/116 की कार्रवाई न की जाए। छुट्टा पशुओं को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि हमीरपुर की एकता और भाईचारे की परंपरा को बनाए रखें और सभी पर्व आपसी सौहार्द के साथ शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं।
बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, एडीएम न्यायिक रिजवाना शाहिद, एडीएम नमामि गंगे सुरेश कुमार सहित सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, जनपद स्तरीय अधिकारी तथा विभिन्न धर्मों और समुदायों के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित।





