जलालपुर अम्बेडकरनगर जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के जमालपुर चौराहे पर मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ओवरलोड होकर जा रही गन्ना लदी ट्रक चौराहे के पास अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे सड़क किनारे दुकानों के सामने लगे तीन सेट पूरी तरह टूटकर क्षतिग्रस्त हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जैतपुर थाना क्षेत्र के नेवादा गांव से गन्ना लादकर यह ट्रक मरैला मिल जा रही थी। जैसे ही ट्रक जमालपुर चौराहे पर पहुंची, अधिक भार के कारण चालक संतुलन नहीं बना सका और ट्रक पलट गई। घटना सुबह लगभग 5 बजे की है। उस समय बाजार बंद था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर ट्रक मालिक ने गन्ना मालिक और मिल प्रबंधन को मामले से अवगत कराया। इसके बाद मिल मालिक द्वारा दूसरे ट्रक की व्यवस्था कर सड़क पर गिरे गन्ने को लोड कर मिल भेजा गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ओवरलोड वाहन से हुए नुकसान की मांग की है।





