वीरभूमि का नाम रोशन करने वाली पांच विभूतियों को स्व. पुष्कल सिंह वीरभूमि सम्मान प्रदान किया
महोबा। जिला स्थापना दिवस पर बुधवार को शहर के अंबेडकर पार्क में बुंदेली समाज के तत्वावधान में सम्मान समारोह का आयेजन किया गया, जहां पर वीरभूमि का नाम रोशन करने वाली पांच विभूतियों को स्व. पुष्कल सिंह वीरभूमि सम्मान प्रदान किया साथ ही जिला आंदोलन के प्रमुख योद्धा स्व. पुष्कल सिंह के नाम पर स्टेडियम का नाम रखने की मांग उठाई। उन्होंने जिला स्थापना दिवस पर सूर्य महोत्सव जैसे कार्यक्रम शुरू करने के लिए जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया।
आल्हा चौक स्थित अंबेडकर पार्क में आयोजित सम्मान समारोह में जिला बनवाने में अग्रणी भूमिका निभाने वाले पूर्व विधायक अरिमर्दन सिंह को सम्मानित किया गया। मंच पर मौजूद बुंदेलखंड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं फिल्म अभिनेता राजा बुंदेला, कैप्टन मोहन सिंह, कैप्टन देवी दीन यादव, पूर्व वैज्ञानिक डा. राम सेवक चौरसिया व हरीओम बादल ने पुष्कल सिंह सम्मान से अलंकृत सभी विभूतियों को आशीर्वाद दिया और जिला बनने के बाद 31 वर्ष के सफरनामा पर प्रकाश डाला। राजा बुंदेला ने कहा कि अभी महोबा को आगे ले जाने के लिए बहुत काम बाकी है, जिसके लिए बुंदेली प्रयास कर रहे हैं और यह प्रयास अंत तक जारी रहेगा।
बुंदेली समाज के संयोजक तारा पाटकर ने बताया कि सम्मानित होने वाली हस्तियों में मध्य प्रदेश अंडर 19 क्रिकेट टीम से खेल रही जान्हवी राजपूत, गौरहारी के मूर्तिकार कालीदीन व वीरेन्द्र विश्वकर्मा, सुगिरा के रिकार्ड धारी जिमनास्ट उत्तम सिंह, शिक्षक अपर्णा नायक व नाट्य कलाकार संदीप चंदेल शामिल हैं। इस मौके पर बुंदेली समाज के महामंत्री अजय बरसैंया, प्रवीण पांडेय, देवव्रत त्रिपाठी फतेहपुर, आश्रय सिंह उरई, प्रताप सिंह बुंदेला, नियाज़ मोहम्मद, नईम अंसारी, रामेश्वर, महेन्द्र, प्रेम, लालता चौरसिया, हरीओम निषाद, मामा पान वाले, गया प्रसाद, राहुल अग्रवाल, कमलेश श्रीवास्तव, वीरबहादुर सिंह बुंदेला सहित तमाम गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।





