इटावा। इटावा जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में नवनिर्वाचित अध्यक्ष,महामंत्री सहित सभी पदाधिकारीयों को एल्डर्स कमेटी के द्वारा गुरुवार को डीबीए सभागार में विजेता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के भव्य सभागार में कलेक्ट्रेट के सभी अधिवक्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन एडवोकेट शांति स्वरूप पाठक सहित सदस्यगणों में एडवोकेट रविंद्र दुबे,एडवोकेट रमाशंकर चौधरी,एडवोकेट विशन चंद्र अग्रवाल की मौजूदगी में सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश कुमार त्रिपाठी,वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजवीर सिंह चौहान,महामंत्री नितिन तिवारी,कोषाध्यक्ष प्रभाकर त्रिपाठी सहित सभी सदस्यों एवं पदाधिकारियों को मंच से माल्यार्पण कर प्रमाण पत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम के दौरान पहली बार नवनिर्वाचित अध्यक्ष और महामंत्री ने एल्डर कमेटी के सदस्यों को भी मंच से सम्मानित किया।अपने अधिवक्ता साथियों को संबोधन करते हुए डीबीए के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेश कुमार त्रिपाठी ने एल्डर्स कमेटी का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस समय कलेक्ट्रेट कचहरी में सबसे बड़ी समस्या भ्रष्टाचार की है जिसको हम सभी अधिवक्ताओं के आपसी सहयोग से दूर किया जाएगा।इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि,जूनियर अधिवक्ताओं के लिए चैंबर और स्थान की व्यवस्था भी करवाई जाएगी।
पूर्व में हुई चेंबर की बिक्री पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि,अब से ये सब नहीं होगा।एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन एडवोकेट शांति स्वरूप पाठक ने कहा कि इस बार का चुनाव बेहद ही ऐतिहासिक था जो बहुत ही संघर्षपूर्ण भी रहा लेकिन सभी अधिवक्ताओं के सहयोग से जो यह चुनाव बेहद ही शांति पूर्वक तरीके से संपन्न हुआ इसके लिए उन्होंने सभी सम्मानित अधिवक्ताओं का निष्पक्षता से नवीन कार्यकारिणी चुनने पर आभार व्यक्त करते हुए डीबीए के सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को भी अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर उपस्थित सैकड़ों अधिवक्ताओं ने डीबीए सभागार में करतल ध्वनि से नवीन कार्यकारिणी का स्वागत किया।





