काठमांडू: नेपाल में बाढ़ की तबाही के बीच बुधवार तड़के दो भूकंप के झटके महसूस किए गए। दोनों झटके देश के पश्चिमोत्तर हिस्से के मुगु जिले में आए। नेपाल के राष्ट्रीय भूकंप निगरानी एवं अनुसंधान केंद्र के अनुसार, पहला भूकंप 4.5 तीव्रता का था, जबकि दूसरा झटका 4.2 तीव्रता का दर्ज किया गया।
तीन घंटे के भीतर आए दो झटके
रिपोर्ट के मुताबिक, पहला भूकंप रात 1:51 बजे आया। इसके बाद दूसरा झटका सुबह 4:28 बजे महसूस किया गया। दोनों भूकंपों का केंद्र मुगु जिले में दर्ज किया गया।
फिलहाल जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं
स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, दोनों झटकों के बाद अभी तक किसी बड़े जान-माल के नुकसान की तत्काल सूचना नहीं है। हालांकि, भूकंप के कारण लोगों में दहशत का माहौल बना रहा।
पहले से बाढ़ की मार झेल रहा नेपाल
नेपाल इस समय हालिया बाढ़ और मलबे से हुई भारी तबाही से उबरने की कोशिश कर रहा है। अगस्त में नेपाल-चीन सीमा के पास ग्लेशियर ढहने से आई विनाशकारी बाढ़ ने बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाया था।





