सांसद रमेश अवस्थी की पहल से जाम से मिलेगी राहत, 5 किमी दायरे में होगा निर्माण
कानपुर। शहर की सबसे बड़ी यातायात समस्याओं में शुमार नौबस्ता-हमीरपुर हाईवे पर अब राहत की उम्मीद जगी है। कानपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद रमेश अवस्थी के प्रयासों से इस मार्ग को फोरलेन बनाने की परियोजना को मंजूरी मिल गई है। करीब 6.49 करोड़ रुपये की लागत से नौबस्ता चौराहे से लगभग 5 किमी तक सड़क चौड़ीकरण किया जाएगा, जिससे लाखों लोगों को जाम से राहत मिलेगी।
बताया गया कि इस मार्ग पर लंबे समय से भारी वाहनों के दबाव और जर्जर सड़क के कारण यातायात व्यवस्था चरमराई हुई थी। सांसद ने 1 जनवरी 2025 को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया था और फोरलेन निर्माण का प्रस्ताव रखा था।
इस पहल का संज्ञान लेते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने परियोजना को स्वीकृति दे दी है। एनएचएआई के परियोजना निदेशक (कानपुर इकाई) के अनुसार 18 मार्च 2026 को निविदा अवार्ड की जा चुकी है और रियायत अनुबंध की प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
फोरलेन निर्माण से बिनगवां, यशोदानगर, पशुपतिनगर, हंसपुरम, आवास विकास, किदवई नगर और बसंत विहार समेत आसपास के कई इलाकों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। रोजाना लगने वाले जाम से निजात मिलेगी और दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है।
इस उपलब्धि पर सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताते हुए कहा कि इस परियोजना से कानपुर की यातायात व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह परियोजना जल्द ही धरातल पर दिखाई देगी।





