राष्ट्रीय एकता, अखण्डता एवं भाईचारे के संकल्प से गुंजा जनपद
सरदार पटेल के चित्र में माल्यार्पण व श्रद्धासुमन अर्पित कर एकता, अखण्डता की दिलायी शपथ
शहर में स्थापित सरदार पटेल की प्रतिमाओं पर हुआ माल्यार्पण, गोष्ठियों का हुआ आयोजन
सायंकाल सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन व फिल्म शो का हुआ आयोजन
ललितपुर। राष्ट्रीय एकता एवं अखण्डता के प्रतीक लौहपुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेलजी की जयन्ती के अवसर पर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा कलैक्ट्रेट व पुलिस लाइन प्रांगण में राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन समारोहपूर्वक किया गया, जिसके परिणामस्वरूप जनपद के प्रशासनिक, शैक्षणिक संस्थानों एवं नागरिक समाज के संयुक्त प्रयास से पूरा जिला आज देशभक्ति और एकता के रंग में सराबोर दिखाई दिया।
कलैक्ट्रेट परिसर में राज्यमंत्री मनोहर लाल, सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण, जिलाध्यक्ष हरीशचन्द्र रावत, राज्य महिला आयोग की सदस्या अर्चना पटेल, नपाध्यक्ष सोनाली जैन, शिक्षक विधायक प्रतिनिधि केदारनाथ तिवारी, जिलाधिकारी सत्य प्रकाश, एसपी मो.मुश्ताक, सीडीओशेषनाथ चौहान ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रृद्धा सुमन अर्पित किए गए, तत्पश्चात सभी को राष्ट्र की एकता व अखंडता की शपथ दिलायी गई। बच्चों को बताया गया कि सरदार पटेल ने भारत की एकता के लिए जिस दृढ़ संकल्प और संगठन क्षमता का परिचय दिया, वह हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र को जोडऩे का कार्य निरंतर करते रहना चाहिए।
कलेक्ट्रेट परिसर से ही जिलाधिकारी सहित जनप्रतिनिधियों ने रन फॉर यूनिटी रेस को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया, जो कलैक्ट्रेट प्रवेश द्वार से प्रारंभ होकर तुवन मंदिर चौराहे से होते हुए वर्णी चौराहा, पुलिस लाइन होते हुए कलैक्ट्रेट गेट पर समाप्त हुई। उत्साह और देशभक्ति से ओतप्रोत यह आयोजन जनपद में एकता और सामूहिकता का सशक्त संदेश देता दिखाई दिया। इस दौड़ में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, विद्यालयों के छात्र-छात्राओं तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में श्रंखला में सुबह पुलिस लाइन प्रांगण से जवानों और विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा पुलिस बैण्ड के साथ प्रभात फेरी आयोजित की गई, जो शहर के प्रमुख चौराहों से होते हुए वापस पुलिस लाइन पर समाप्त हुई, इसके साथ ही सरदार पटेल के जीवन, राष्ट्रीय एकता एवं अखण्डता विषय पर स्लोगन लेखन कार्यक्रम समस्त विद्यालयों में आयोजित किये गए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में सायंकाल जीआईसी में सरदार बल्लभ भाई पटेल के जीवन एवं योगदान पर विचार गोष्ठी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये गए, जिसमें सभी जनप्रतिनिधियों ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण किया और स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य एवं नाटक प्रस्तुत कर वातावरण को भावनात्मक बना दिया। सीडीओ ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती मनाना केवल एक औपचारिकता नहीं बल्कि हमारे भीतर राष्ट्रीय एकता की भावना को जागृत रखने का अवसर है। डीडीओ अतिरंजन सिंह, डीसी मनरेगा रमेश कुमार यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक ओम प्रकाश सिंह, डीआईओ, अधिशासी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग, अग्रणी जिला प्रबंधक रंजीत कुमार, जिला पर्यटक अधिकारी हेमलता, प्र0जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रसून गुवरेले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





