कानपुर में एक बेटे ने अपनी मां की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। मृतका प्रमिला सिंह फतेहपुर के रिफ्यूजी कॉलोनी पीरनपुर की रहने वाली थीं। आरोपी बेटे राजा सिंह का एक युवती से प्रेम संबंध था जिसका परिवार ठीक नहीं था और प्रमिला ने इस शादी का विरोध किया था। इसके अलावा संपत्ति को लेकर भी विवाद था। पुलिस ने राजा को गिरफ्तार कर लिया है।
हनुमंत विहार क्षेत्र में प्रेम विवाह का विरोध करने पर बेटे ने मां की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। 15 दिन पूर्व मृतका इलाज के लिए फतेहपुर से बेटी की ससुराल आई थी। बीच बचाव के दौरान मृतका की बेटी और उसके समधी भी जख्मी हो गए।
हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद ही डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी बेटे को धर दबोचा। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी, एडीसीपी दक्षिण महेश कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर छानबीन की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
यह है पूरा मामला
फतेहपुर के रिफ्यूजी कॉलोनी पीरनपुर निवासी 55 वर्षीय प्रमिला सिंह आरोपी बेटे राजा सिंह के साथ रहती थीं। उनके पति धर्मेंद्र सिंह की पांच साल पहले बीमारी के चलते मौत हो गई। आरोपी बेटे के अलावा परिवार में दो बेटियां प्रीतू सिंह और आकांक्षा है।
एक और बेटा राहुल था, जिसकी तीन साल पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। बेटी प्रीतू की शादी हनुमंत विहार में नारायणपुरी निवासी लवकुश के बेटे सौरव से हुई है, जबकि आकांक्षा की शादी फतेहपुर के राधानगर में रहने वाले सरस सिंह से हुई है। घर पर अकेला राजा बचा है।
प्रमिला की बेटी प्रीतू ने बताया कि आरोपी भाई राजा का फतेहपुर में ही एक एक युवती से प्रेम संबंध है। युवती और उसके परिवार का चरित्र ठीक न होने के कारण मां ने शादी से इनकार कर दिया था। इसके बाद भी राजा उसी से शादी करने के लिए दबाव बना रहा था। मां के दांतों में दर्द रहता था, इसलिए डॉक्टर ने सिंकाई के लिए बोला था।
सिंकाई के चलते मां के चेहरे की स्किन जल गई थी। वह 30 मार्च को इलाज के लिए उनके पास आयी थीं। तब से यहीं रह रही थीं। बुधवार सुबह पौने दस बजे मां घर के दरवाजे के अंदर लान में कपड़े फैला रही थी। इसी दौरान राजा घर का दरवाजा खोलकर अंदर घुस आया।
मां को सामने देखते ही उसने लात मारी तो वह जमीन गिर गईं। चीख पुकार सुनकर आंगन में बेटे उसके ससुर लवकुश सिंह और वह दौड़ी तो राजा ने गाली-गलौज करते हुए चाकू निकाल ली और मारने के लिए उन पर झपटा।
मां प्रमिला बचाव में सामने आई तो आरोपी राजा ने उनके सीने में चाकू घोंप दिया। सीने में चाकू लगने से मां लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गईं। उसके ससुर लवकुश भी हाथ में चाकू लगने से घायल हो गए।
मकान नाम करो, नहीं तो पटककर मार डालूंगा
बेटी प्रीतू ने बताया कि आरोपी भाई राजा जिस युवती से विवाह करना चाहता था, उसके परिजन मकान अपने नाम कराने का दबाव बना रहे थे। उनका कहना था कि मकान उसके नाम होने के बाद वह बेटी की शादी उससे कर देंगे। इसके चलते राजा आए दिन मां से विवाद करता था।
मां के उसके पास आने के बाद भी वह रोजाना फोन करके धमकाता था। मंगलवार को भी उसने मां को फोन किया था। कहा कि अगर वह मकान उसके नाम नहीं करेगी तो पटक कर मार डालूंगा। उसके मोबाइल फोन पर बातचीत की रिकॉर्डिंग भी है। पुलिस ने मोबाइल फोन को कब्जे में ले लिया है।
सड़क पर निकलकर चिल्लाया मार दिया… मार दिया
मां की हत्या करने के बाद आरोपी बेटा राजा सिंह सड़क पर निकल आया। इसके बाद सड़क पर खड़ा होकर मार दिया…मार दिया चिल्लाता रहा। वहीं बेटी प्रीतू और उसके ससुर लवकुश मदद के लिए शोर मचाते रहे, लेकिन आरोपी राजा के खून से सने हाथ देख कोई भी मदद को आगे नहीं आया। इसी बीच प्रीतू के ससुर लवकुश ने मां की सांसें थमने की बात कही तो उसे सुनकर राजा ने खुद ही अपने मोबाइल से डायल 112 को कॉल की। पुलिस के सामने भी वह मार दिया…मार दिया चिल्लाता रहा।
“राजा नाम के युवक ने अपनी मां की चाकू मारकर हत्या की है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या के पीछे प्रेम विवाह और संपत्ति का विवाद सामने आया है। कार्रवाई की जा रही है।
तमीज से पेश आओ, सत्ताधारी दल का कार्यकर्ता हूं
गिरफ्त में आने के बाद आरोपी ने पुलिस पर रौब गांठने की कोशिश की। बोला, मैं सत्ताधारी दल का कार्यकर्ता हूं। थोड़ा तमीज से पेश आओ। इस पर वहां मौजूद एक पुलिसकर्मी ने उसके गाल पर तमाचा जड़ दिया। इसके बाद वह शांत हो गया।