अम्बेडकरनगर टांडा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बलया जगदीशपुर में विगत दो दिनों पूर्व हुई युवक की हत्या का हुआ पर्दाफाश: दो गिरफ्तार, अवैध संबंध और संपत्ति विवाद बना वजह टांडा में युवक की हत्या का पर्दाफाश: दो गिरफ्तार, अवैध संबंध और संपत्ति विवाद बना वजह जनपद अंबेडकरनगर की पुलिस ने हत्या के एक जघन्य मामले का सफल अनावरण करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आकाश यादव और प्रतिमा सिंह उर्फ डिंपल को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। यह घटना 23 जनवरी 2025 को भरहा नहर के पास अजय सिंह (35 वर्ष) के शव मिलने के बाद प्रकाश में आई थी।
घटना का खुलासा
23 जनवरी को सुबह 7:30 बजे टांडा पुलिस को सूचना मिली कि भरहा नहर के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। जांच के दौरान मृतक की पहचान अजय सिंह पुत्र जय प्रसाद, निवासी बलिया जगदीशपुर, थाना कोतवाली टांडा के रूप में हुई।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देश पर स्वाट, सर्विलांस, और कोतवाली टांडा पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले की जांच शुरू की। जांच के क्रम में 25 जनवरी को दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में हुआ खुलासा
गिरफ्तार अभियुक्त आकाश यादव ने बताया कि उसका पिछले 4-5 वर्षों से प्रतिमा सिंह के साथ संबंध था। वह प्रतिमा और उसके परिवार की आर्थिक सहायता करता था। मृतक अजय सिंह, जो कि प्रतिमा का पति था, इस संबंध का विरोध करता था और दोनों को बदनाम करने की कोशिश करता था।
आरोपियों ने बताया कि अजय सिंह अक्सर प्रतिमा पर शारीरिक और मानसिक अत्याचार करता था। इससे परेशान होकर दोनों ने अजय सिंह को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
हत्या की घटना
22 जनवरी की शाम अजय सिंह बाजार से लौटते समय नशे की हालत में भरहा नहर के पास मिला। आकाश यादव ने उसे पैदल घर छोड़ने का प्रस्ताव दिया। रास्ते में नहर के पास ले जाकर आकाश ने अजय के सिर पर बांस के डंडे से वार किया, जिससे वह नहर की पक्की दीवार पर गिर पड़ा। उसकी मौत हो जाने पर आकाश ने शव को नहर में धकेल दिया।
हत्या के बाद आकाश ने प्रतिमा सिंह को फोन और मैसेज के जरिए घटना की सूचना दी।
संपत्ति विवाद की साजिश
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि मृतक अजय सिंह का विकास शर्मा उर्फ लाल शर्मा से संपत्ति विवाद चल रहा था। आरोपियों ने योजना बनाई थी कि हत्या का आरोप विकास शर्मा पर डालकर जमीन पर कब्जा किया जा सके।
बरामदगी
हत्या में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा (आलाकत्ल) बरामद किया गया।
गिरफ्तारी का समय और स्थान
अभियुक्तों को 25 जनवरी को दोपहर 12:10 बजे और 13:16 बजे बलिया जगदीशपुर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस टीम का योगदान
घटना के खुलासे में स्वाट, सर्विलांस और टांडा कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने सराहनीय कार्य किया। टीम में प्रमुख रूप से प्रभारी निरीक्षक दीपक सिंह रघुवंशी, उ.नि. अभिषेक त्रिपाठी (स्वाट टीम), और उ.नि. प्रभाकांत तिवारी (सर्विलांस सेल) समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।