सरयू नदी के किनारे अगले महीने दिवाली पर भव्य आयोजन

0
82

join us-9918956492———
लंबे वक्त बाद यूपी की कोई सरकार अयोध्या में भव्य स्तर पर दिवाली मनाएगी। सरयू नदी के किनारे अगले महीने दिवाली पर भव्य आयोजन होगा, जिसमें यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के अलावा राज्यपाल राम नाइक और कैबिनेट के तमाम मंत्रियों के अलावा प्रदेश सरकार के अफसर के मौजूद रहेंगे।

खुद योगी आदित्यनाथ ने इस बार अयोध्या में भव्य दिवाली मनाने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद उनके ओएसडी अयोध्या पहुंचे थे। अफसरों और राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े महंतों से चर्चा के बाद पूरा प्लान तैयार किया गया था। इस प्लान के तहत अयोध्या के सभी प्रमुख मंदिर, सरयू से लगे घाट को दुल्हन की तरह सजाया जाएगा। घाट रोशनी से जगमगाएंगे, इसके लिए हर घाट, हर मंदिर पर खास सजावट की जाएगी। हालांकि कानूनी पहलूओं को देखते हुए विवादित राम जन्मभूमि ढांचे के आसपास किसी भी तरह रोशनी नहीं की जाएगी।

तैयारियों को लेकर फैजाबाद में हुई बैठक में इस बात पर सहमति बनी है कि अयोध्या के प्रमुख धार्मिक स्थानों जैसे राम की पैड़ी, कनक भवन, हनुमानगढ़ी के अलावा शहर के कई दूसरे मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा। इसमें मिट्टी के दीयों का भी इस्तेमाल होगा।

सरकारी सूत्रों की मानें तो दिवाली पर अयोध्या में मुख्य कार्यक्रम दिवाली से एक दिन पहले 18 अक्टूबर को होगा। क्योंकि दिवाली के दिन योगी आदित्यनाथ गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में पूजा करेंगे। तैयारियों की समीक्षा को लेकर बैठकें हो रही हैं। अयोध्या में भव्य पैमाने पर दिवाली मनाने की तैयारियों की जिम्मेदारी पर्यटन विभाग को सौंपी गई है।

वहीं संस्कृति मंत्रालय, शहरी विकास मंत्रालय और बाकी विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है। ताकि दो दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके।

पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने भी इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में दिवाली मनाई जाएगी। जिसमें खुद सीएम योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे। यहां दिवाली मनाने का मकसद साफ है, इसके जरिए सैलानियों को अयोध्या में मौजूद पर्यटक और धार्मिक महत्व के स्थलों के बारे में जानकारी मिलेगी, जिससे आने वाले दिनों में यहां पर्यटन बढ़ेगा।

इतना ही नहीं अयोध्या की सूरत संवारने के लिए विकास के कई प्रोजेक्ट शुरू किए जाएंगे। इसकी शुरुआत धार्मिक स्थानों को हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ने से होगी। बहुत मुमकिन है इस दिवाली से पहले अयोध्या से ये सेवा शुरु हो जाए।

सीएम बनने के बाद योगी आदित्यनाथ दो बार अयोध्या का दौरा कर चुके हैं।

https://www.youtube.com/watch?v=5_-byR-rYEE


अवधनामा के साथ आप भी रहे अपडेट हमे लाइक करे फेसबुक पर और फॉलो करे ट्विटर पर साथ ही हमारे वीडिओ के लिए यूट्यूब पर हमारा चैनल avadhnama सब्स्क्राइब करना न भूले अपना सुझाव हमे नीचे कमेंट बॉक्स में दे सकते है|
Also read

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here