महराजगंज। नगर पंचायत क्षेत्र के शिवनगर मोहल्ले में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। नगर पंचायत चौक पर कार्यरत कर्मचारी विजय यादव के बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए नकदी सहित लाखों रुपये के जेवरात चुरा लिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विजय यादव अपनी पत्नी के इलाज के लिए कुछ दिनों से बनारस गए हुए थे, जिस कारण उनका मकान पूरी तरह बंद था। इसी का फायदा उठाते हुए चोरों ने दिन के समय मकान के पीछे की ओर से प्रवेश किया और घर में रखी अलमारी को तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी गए सामान में सोने की चेन, अंगूठियां, पायल, मंगलसूत्र, टीका, नथ सहित अन्य सोने-चांदी के जेवरात तथा नकदी शामिल हैं। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब दस लाख रुपये बताई जा रही है। पूरी घटना घर में लगे सुरक्षा कैमरे में कैद हो गई है।
इलाज के बाद जब पीड़ित घर लौटे, तो चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और कैमरे में कैद फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद शिवनगर मोहल्ले में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।





