लखनऊ पुलिस ने ट्रैफिक सुधारने के लिए एआई ड्रोन का उपयोग शुरू किया है। इकाना स्टेडियम के पास जाम पर नजर रखने के लिए यह हाईटेक ट्रायल किया जा रहा है।
लखनऊ। राजधानी लखनऊ की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस ने नई तकनीक का सहारा लिया है। अब एआई ड्रोन की सहायता से इकाना स्टेडियम के आसपास लगने वाले जाम पर नजर रखी जाएगी, जिससे समय पर कार्रवाई कर यातायात को सुचारू किया जा सकेगा।
इस पहल से न केवल बड़े आयोजनों के दौरान जाम की समस्या कम होगी, बल्कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को भी राहत मिलने की उम्मीद है। लखनऊ पुलिस ने इस व्यवस्था का पहला ट्रायल इकाना स्टेडियम के पास शुरू किया है।
कैमरे के सॉफ्टवेयर में एआई तकनीक का इस्तेमाल
डीसीपी ट्रैफिक रवीना त्यागी ने बताया कि स्टेडियम के आसपास ड्रोन उड़ाया जा रहा है, जिसमें लगे कैमरे के सॉफ्टवेयर में एआई तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। यह ट्रैफिक की लगातार निगरानी करता है। ड्रोन में लगे कैमरे और एआइ तकनीक सड़क पर वाहनों की गति और भीड़ का विश्लेषण करती है।
जहां भी वाहनों की लंबी कतार या रुकावट दिखाई देती है, ड्रोन तुरंत कंट्रोल रूम को अलर्ट भेज देता है। अलर्ट मिलते ही ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जाम को खुलवाने की कार्रवाई करती है।
आई ड्रोन में हाई-रिजोल्यूशन कैमरे
डीसीपी ने बताया कि यदि इकाना स्टेडियम के पास यह ट्रायल सफल रहता है, तो भविष्य में इसे लखनऊ के अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी लागू किया जाएगा। आई ड्रोन में हाई-रिजोल्यूशन कैमरे और सेंसर लगे होते हैं, जो सड़क की लाइव वीडियो फीड कंट्रोल रूम तक पहुंचाते हैं। यह तकनीक ट्रैफिक पुलिस को जाम की जानकारी मौके पर पहुंचे बिना ही देती है, जिससे समय की बचत होगी और त्वरित कार्रवाई संभव होगी।





