लखनऊ में तीन दिन से लापता अंकित निगम का शव ठाकुरगंज के पास गोमती नदी में मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर परिवार को सूचित किया। जांच में पता चला कि अंकित कर्ज से परेशान थे। परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लखनऊ। तीन दिन से लापता 38 वर्षीय अंकित निगम का शव ठाकुरगंज के मेंहदीघाट के पास गोमती नदी में गुरुवार को उतराता मिला। पुलिस ने गोताखोर की मदद से शव को बाहर निकाला और पहचान कर परिवारीजन को सूचना दी। जांच में सामने आया कि कर्ज से परेशान चल रहे थे।
इंस्पेक्टर ठाकुरगंज ओमवीर सिंह ने बताया कि अंकित निगम इलाके के बर्फखाना में परिवार के साथ रहते थे। अमीनाबाद मेडिसिन मार्केट में प्राइवेट नौकरी करते थे। भाई पन्नालाल के मुताबिक अंकित निगम मंगलवार सुबह काम पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे।
देर रात तक वह घर नहीं आए तो उनकी तलाश की। रिश्तेदारों व परिचितों में खोजबीन के बाद भी उनका कुछ पता नहीं चला। बुधवार को अंकित की गुमशुदगी ठाकुरगंज थाने में दर्ज कराई थी। गुरुवार को मेंहदीघाट के पास अंकित का शव गोमती में मिला। शव देख अफरा- तफरी मच गई।
पन्नालाल ने शव की शिनाख्त अंकित निगम के रूप में की। परिवार में अंकित की पत्नी, एक बेटा और एक बेटी है। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में कर्ज से परेशान होने की बात सामने आ रही है। परिवार ने अभी तक किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।