लंदन के किंग्सबरी हाई स्कूल में एक 13 वर्षीय छात्र ने दो अन्य छात्रों पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की जांच अब काउंटर-टेररिज्म यूनिट कर रही है, हालांकि इसे आतंकी हमला घोषित नहीं किया गया है। स्कूल और सरकार ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है, और पीड़ितों की हालत गंभीर बनी हुई है।
लंदन के उत्तर-पश्चिम इलाके में एक स्कूल के अंदर हुई खौफनाक वारदात ने पूरे ब्रिटेन को हिला कर रख दिया है। किंग्सबरी हाई स्कूल में मंगलवार दोपहर को एक 13 साल के लड़के ने दो अन्य छात्रों पर चाकू से हमला कर दिया। डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी ने हमला करने से पहले अल्लाह-हू-अकबर के नारे लगाए थे। इसके बाद दोनों घायल बच्चे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाए गए। पुलिस ने संदिग्ध किशोर को कुछ घंटों बाद गिरफ्तार कर लिया, लेकिन जांच अब काउंटर-टेररिज्म यूनिट के हाथ में है।
यह हमला दोपहर करीब 12:40 बजे हुआ। शुरुआत में पुलिस को एक 13 साल के लड़के के चाकू लगने की सूचना मिली, लेकिन मौके पर पहुंचकर पता चला कि 12 साल का एक और बच्चा भी घायल है। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
संदिग्ध हुआ गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि हमलावर की उम्र करीब 13 साल है। वह घटनास्थल से भाग गया था। लेकिन तलाशी अभियान के बाद उसे कुछ घंटों में ही गिरफ्तार कर लिया गया। संदिग्ध को हत्या के प्रयास के आरोप में हिरासत में रखा गया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल होने वाला हथियार भी बरामद कर लिया है। डिटेक्टिव चीफ सुपरिंटेंडेंट ल्यूक विलियम्स ने मौके पर पत्रकारों से कहा कि कोई और संदिग्ध नहीं तलाशा जा रहा है और पुलिस अब किसी अन्य व्यक्ति की तलाश में नहीं है।
काउंटर-टेररिज्म यूनिट क्यों कर रही है जांच?
हालांकि पुलिस ने इस घटना को अभी तक आतंकी हमला घोषित नहीं किया है, लेकिन परिस्थितियों को देखते हुए जांच की कमान काउंटर-टेररिज्म पुलिस को सौंपी गई है। वे स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। डिटेक्टिव विलियम्स ने कहा कि मकसद को लेकर पुलिस सभी संभावनाओं पर खुला विचार रख रही है। स्कूल में छात्रों से लंबे समय तक पूछताछ जारी रही और शाम तक कई बच्चे अभी भी पुलिस के साथ बात कर रहे थे।
ब्रिटेन सरकार ने क्या कहा है?
किंग्सबरी हाई स्कूल के हेडटीचर एलेक्स थॉमस ने अभिभावकों को पत्र लिखकर घटना को ‘गहरा सदमा देने वाली’ बताया। स्कूल में लगभग 2,000 छात्र हैं, जो 11 से 18 साल के बीच के हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है, लेकिन बुधवार को स्कूल के कुछ हिस्से बंद रहेंगे। शिक्षा मंत्री ब्रिजेट फिलिपसन ने कहा कि वे इस घटना से “दिल टूट गया” है और उनका विभाग स्कूल तथा स्थानीय काउंसिल के साथ संपर्क में है ताकि हरसंभव मदद दी जा सके।





