बर्थडे पार्टी में गया था परिवार, पीछे से साफ हो गए जेवर
अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ
दुबग्गा लखनऊ। लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र के लालनगर खेड़ा में एक सनसनीखेज चोरी का मामला सामने आया है। यहाँ रहने वाली सलमा खान पत्नी सैय्यद अनवर इमाम के घर को चोरों ने उस वक्त निशाना बनाया जब पूरा परिवार एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने गया था। सोमवार को मामले की जानकारी तब हुई जब प्रार्थिनी ने अलमारी खोली और जेवरात गायब पाए।
मिली जानकारी के अनुसार,बीते शुक्रवार को सलमा खान अपने नवासे की बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए हजरतगंज स्थित होटल चरण गई थीं। रात करीब 12 बजे जब परिवार वापस लौटा तो उन्हें खिड़की का पर्दा हटा हुआ मिला, लेकिन उस वक्त किसी अनहोनी का शक नहीं हुआ। रविवार को जब परिवार एक अन्य कार्यक्रम में जाने की तैयारी कर रहा था, तब अलमारी खोलने पर पता चला कि अंदर का लॉकर टूटा हुआ है और लाखों के जेवरात गायब हैं।
चोरी गए सामान में करीब 100 ग्राम सोने की चूड़ियाँ, 120 ग्राम सोने के कड़े, तनिष्क ब्रांड का भारी हार सेट, सोने के टॉप्स, झुमकी, अंगूठी, नाक की कील और चांदी की भारी पायल सहित कई कीमती आभूषण शामिल हैं। पीड़ित महिला ने पुलिस को दी तहरीर में घर में साफ-सफाई करने वाले अनूप पुत्र गुरु पर शक जताया है।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर जब अनूप सफाई के लिए आया था, तब उसने परिवार के बाहर जाने और वापस आने के समय के बारे में पूछताछ की थी। वही संबंध में इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया के मामले की गंभीरता को देखते हुए रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध सफाई कर्मी से पूछताछ कर मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।





