किसानों को दी योजनाओं की जानकारी
फतेहपुर। जिले के खागा तहसील क्षेत्र में कृषि समृद्धि आयोग के राज्य सदस्य कुलजीत सिंह ने एक दिवसीय भ्रमण के दौरान मऊ स्थित गौशाला का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने गौशाला में मौजूद गोवंशों को फूलों की माला पहनाकर नमन किया तथा गौ माता का चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया, साथ ही उन्होंने गोवंशों को चना-गुड़ भी खिलाया।
इसके उपरांत कुलजीत सिंह ने खागा नवीन मंडी परिसर में संचालित धान खरीद केंद्र एवं बीज गोदाम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस दौरान कुलजीत सिंह ने खागा क्षेत्र के किसानों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। मौके पर उपस्थित पत्रकारों से बातचीत करते हुए कुलजीत सिंह ने कहा कि सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए सभी योजनाओं को पारदर्शी ढंग से लागू कर रही है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके और कृषि क्षेत्र को मजबूती मिले।





