हमीरपुर। माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के क्रम में जिला कारागार हमीरपुर में निरुद्ध विचाराधीन बंदियों के लिए जेल लोक अदालत का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जनपद न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री मनोज कुमार राय के निर्देशन में संपन्न हुआ।
जेल लोक अदालत में पीठासीन अधिकारी श्रीमती वन्दना अग्रवाल (अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट) ने कुल 8 विचाराधीन मामलों की सुनवाई की, जिनमें से 5 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर बंदियों को राहत प्रदान की गई।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव महेन्द्र कुमार पाण्डेय, मुख्य न्याय रक्षक आनन्द सक्सेना और सहायक मुख्य न्याय रक्षक फिरोज आलम मुख्य रूप से उपस्थित रहे। प्राधिकरण के सचिव ने बताया कि लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य छोटे अपराधों में जेल में बंद कैदियों को त्वरित न्याय दिलाना और विधिक सहायता प्रदान करना है।





